नोहर के बिहानी चौक पर अनियंत्रित ट्रोला डिवाइडर से टकराया, बड़ा हादसा टला
ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुआ DAP खाद से भरा ट्रोला डिवाइडर से टकराया, विद्युत पोल टूटने से बिजली आपूर्ति और यातायात प्रभावित।
तस्वीर में रात के समय नोहर के बिहानी चौक पर खड़ा डीएपी खाद से लदा ट्रोला।
नोहर, 16 सितंबर। शहर के हृदय स्थल बिहानी चौक पर बुधवार शाम डीएपी से भरा एक ट्रोला अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। ट्रोला डिवाइडर से टकराने के कारण सड़क के बीच में फंस गया, जिससे बिहानी चौक पर यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।
ट्रोला चालक के अनुसार वाहन के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिसके चलते वह वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और ट्रोला डिवाइडर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर लगे विद्युत पोल और तार भी टूट गए।
हादसे के बाद मौके पर जमा भीड़ में से कुछ लोगों ने चालक के साथ मारपीट कर दी। बाद में अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर चालक को छुड़ाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को अपने साथ थाने ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रोले में डीएपी खाद भरी हुई थी। लोगों का कहना है कि यदि ट्रोला डिवाइडर से नहीं टकराता तो वह आगे जाकर राहगीरों या अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद ट्रोले को सड़क से हटाने के लिए पुलिस एवं संबंधित लोगों की ओर से क्रेन की मदद से प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रोला सड़क के बीच में फंसने के कारण बिहानी चौक पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
बताया जाता है कि यही ट्रोला बुधवार सुबह अनाज मंडी के पास एक स्कुटी की दुकान के आगे रखी स्कुटी से भी टकरा गया था। इसके बाद से ट्रोला वहीं पर खड़ा था। रात को इसी ट्रोले के साथ बिहानी चौक पर हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षतिग्रस्त विद्युत पोल और तारों को लेकर भी संबंधित विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है। घटना में बड़ा हादसा टलने के साथ ही सड़क पर यातायात प्रभावित होने और विद्युत व्यवस्था को नुकसान पहुंचने की स्थिति सामने आई है।