टीटीई नरेश मीणा ने मेवाड़ एक्सप्रेस से माण्डलगढ़ पहुंचकर यात्री हर्ष कुमार भट्ट को फोन सौंपा।   

कोटा। ट्रेन में सफर के दौरान छूटा मोबाइल तीन दिन बाद सुरक्षित वापस मिलने से परेशान यात्री को राहत मिली। कोटा मंडल के टीटीई नरेश मीणा की सजगता और ईमानदारी से यात्री हर्ष कुमार भट्ट को उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सका। यात्री ने रेलवे की त्वरित कार्यप्रणाली और टीटीई की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए पत्र लिखकर आभार जताया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि माण्डलगढ़ निवासी हर्ष कुमार भट्ट गाड़ी संख्या 01909 असारवा–आगरा कैंट स्पेशल के एसी थ्री टियर कोच बी-5 में यात्रा कर रहे थे। माण्डलगढ़ स्टेशन पर उतरकर घर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनका मोबाइल ट्रेन की बर्थ संख्या 49 पर छूट गया है। मोबाइल नहीं मिलने से परेशान यात्री ने रेल मदद ऐप के माध्यम से रेलवे में शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत प्राप्त होते ही रेलवे कर्मचारियों ने यात्री से संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद ट्रेन में ड्यूटी कर रहे टीटीई नरेश मीणा ने तत्काल संबंधित बर्थ पर पहुंचकर मोबाइल की तलाश की और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। मोबाइल मिलने की सूचना उन्होंने यात्री को दी।

इसके बाद मेवाड़ एक्सप्रेस (12964) से माण्डलगढ़ पहुंचने पर टीटीई नरेश मीणा ने यात्री को बुलाकर उसका मोबाइल सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। ट्रेन में छूटे मोबाइल को तीन दिन बाद वापस पाकर हर्ष कुमार भट्ट ने राहत महसूस की।

हर्ष कुमार भट्ट ने रेलवे की त्वरित कार्यप्रणाली के साथ टीटीई नरेश मीणा की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए पत्र लिखकर आभार व्यक्त किया। रेलकर्मी की सजगता और जिम्मेदारी से यात्री को उसकी खोई हुई वस्तु वापस मिलना रेलवे की यात्री सहायता व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा का उदाहरण बना।

Tags: