चांदी पहनने से किन राशियों को बचना चाहिए और किन्हें शुभ? नीलम भार्गव की राय
| ज्योतिष मान्यता के अनुसार चांदी की ठंडी प्रकृति मंगल, सूर्य और बुध की ऊर्जा को प्रभावित कर सकती है, जबकि कर्क व मीन राशि के लिए इसे लाभकारी माना गया है।
ज्योतिषाचार्य नीलम भार्गव के अनुसार कुछ राशियों को चांदी पहनने से बचने की सलाह दी गई है।
हिंदू धर्म में चांदी को केवल एक धातु नहीं, बल्कि धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, चांदी का संबंध चंद्रमा से है, जिसे मन, मानसिक शांति और भावनाओं का कारक माना जाता है। मान्यता है कि चांदी पहनने से मन शांत रहता है और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। हालांकि, ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, कुछ राशि के जातकों के लिए चांदी पहनना अनुकूल नहीं माना जाता है।
इसी विषय को लेकर मशहूर ज्योतिषाचार्य नीलम भार्गव ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है। इसमें उन्होंने बताया है कि किन राशि के लोगों को चांदी पहनने से बचना चाहिए और किन राशियों के लिए इसे शुभ माना जाता है।
ज्योतिषाचार्य नीलम भार्गव के अनुसार, मेष, सिंह और कन्या राशि के जातकों को चांदी पहनने से परहेज करना चाहिए।
मेष राशि के स्वामी मंगल ग्रह हैं। ज्योतिष में मंगल को साहस, शक्ति और ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। इस राशि के जातक आमतौर पर उत्साह और जोश के साथ काम करना पसंद करते हैं। ज्योतिषाचार्य के मुताबिक, चांदी की ठंडी और शांत प्रकृति मेष राशि के जातकों की तेज ऊर्जा को प्रभावित कर सकती है। इससे उनके काम करने के तरीके पर भी असर पड़ने की मान्यता है। इसी वजह से मेष राशि वालों को चांदी पहनने से बचने की सलाह दी जाती है।
सिंह राशि के स्वामी सूर्य देव हैं। सूर्य को आत्मविश्वास, मान-सम्मान और नेतृत्व क्षमता का कारक माना जाता है। इस राशि के जातक अपने कार्यक्षेत्र में आगे रहना पसंद करते हैं। नीलम भार्गव के अनुसार, चांदी की ऊर्जा सिंह राशि के स्वामी सूर्य से जुड़ी ऊर्जा को कमजोर कर सकती है। इससे जातकों के आत्मविश्वास और कार्य करने के उत्साह पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की मान्यता है।
वहीं, कन्या राशि के स्वामी बुध ग्रह हैं। बुध को बुद्धि, समझदारी और संवाद का कारक माना जाता है। इस राशि के लोग प्रत्येक काम को सोच-समझकर करना पसंद करते हैं। ज्योतिषाचार्य के अनुसार, चांदी की भावनाओं से जुड़ी ऊर्जा कन्या राशि के जातकों की विचार क्षमता और मानसिक स्पष्टता को प्रभावित कर सकती है। इसलिए इस राशि के लोगों को भी चांदी पहनने से बचने की सलाह दी गई है।
दूसरी ओर, ज्योतिषाचार्य नीलम भार्गव ने कर्क और मीन राशि के जातकों के लिए चांदी को शुभ बताया है। उनके अनुसार, इन दोनों राशियों के लोगों के लिए चांदी पहनना लाभकारी माना जाता है। इसकी ऊर्जा उन्हें भावनात्मक रूप से संतुलित रखने में मदद कर सकती है। साथ ही, इससे मन शांत रहने और सकारात्मक ऊर्जा मिलने की मान्यता है।
इस तरह ज्योतिषीय मान्यताओं में चांदी पहनने का संबंध केवल धार्मिक महत्व तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे अलग-अलग राशियों के स्वभाव और ग्रहों की स्थिति से भी जोड़कर देखा जाता है। हालांकि, ये बातें ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित हैं।