आंवला नवमी के अवसर पर आंवले के वृक्ष और भगवान लक्ष्मीनारायण की पूजा-अर्चना करने की परंपरा को दर्शाया गया है।

आज कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि है, जिसे आंवला नवमी या अक्षय नवमी के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस विशेष तिथि पर भगवान विष्णु (श्रीहरि), माता लक्ष्मी और आंवले के पेड़ की पूजा करने का बहुत बड़ा विधान है। पंडित राकेश झा के अनुसार, आज से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक भगवान विष्णु का वास प्रत्यक्ष रूप से आंवले के वृक्ष पर होता है। यही कारण है कि इस दिन किए गए पूजा-पाठ और शुभ कार्यों का फल कभी क्षीण नहीं होता, इसलिए इसे अक्षय नवमी भी कहा जाता है। आज के दिन कुछ विशेष कार्य करने से आरोग्य की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख-समृद्धि के संयोग बनते हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि आंवला नवमी पर कौन से 4 कार्य करना बेहद शुभ माना गया है।

आंवले के वृक्ष का पूजन और परिक्रमा

आंवला नवमी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान आदि से निवृत्त होने के बाद आंवले के पेड़ की पूजा अवश्य करनी चाहिए। पूजा करने के लिए आंवले के पेड़ के पास जाएं और पूर्व दिशा की ओर मुख करके बैठें। इसके बाद षोडशोपचार या पंचोपचार विधि से वृक्ष का पूजन करें और पेड़ की जड़ में दूध अर्पित करें। पूजन के दौरान 'ओम धात्र्ये नमः' मंत्र का जाप करना चाहिए। इसके अलावा, वृक्ष के तने पर कच्चा सूत या कलावा लपेटकर शुद्ध घी का दीपक जलाएं और आरती करें। यदि संभव हो सके, तो इस पवित्र दिन पर आंवले के पेड़ की 108 बार परिक्रमा करनी चाहिए। मान्यता है कि इस विधि से पूजन करने से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी दोनों की कृपा प्राप्त होती है।

कन्याओं को कराएं खीर का भोजन

इस पवित्र तिथि पर साफ-स्वच्छ होने के बाद घर में केसर युक्त खीर तैयार करें। इसके बाद पांच कुंवारी कन्याओं को अपने घर आदरपूर्वक आमंत्रित करें और उन्हें यह खीर भोजन के रूप में कराएं। भोजन कराने के बाद अपनी सामर्थ्य के अनुसार सभी कन्याओं को लाल या पीले रंग के वस्त्र और कुछ दक्षिणा भेंट करें। अंत में उन कन्याओं का आशीर्वाद जरूर लें। इसके पश्चात घर की सबसे बड़ी महिला को भी वह खीर खिलानी चाहिए। ऐसी मान्यता है कि इस तरह कन्याओं को भोजन कराने से परिवार पर माता लक्ष्मी की कृपा सदैव बनी रहती है और घर-परिवार में सुख-समृद्धि का आगमन होता है।

व्रत रखें और आंवले का करें सेवन

अक्षय नवमी के दिन विधि-विधान से व्रत रखना बेहद फलदायी माना जाता है। इस दिन व्रत का पालन करने के साथ-साथ श्रीहरि विष्णु को आंवला जरूर अर्पित करना चाहिए। पूजा संपन्न होने के बाद खुद भी आंवले का सेवन अवश्य करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन ऐसा करने से उत्तम स्वास्थ्य और आरोग्य की प्राप्ति होती है तथा व्यक्ति को अक्षय पुण्य फलों की प्राप्ति होती है। इसके अलावा, आंवला नवमी के दिन आंवले के वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन करना और वहीं पर दान-पुण्य करना भी बहुत महत्वपूर्ण माना गया है।

घर में लगाएं आंवले का वृक्ष और करें दान

यदि संभव हो, तो आंवला नवमी के दिन अपने घर या आंगन में आंवले का एक नया पौधा जरूर लगाना चाहिए। वास्तु शास्त्र के अनुसार, उत्तर दिशा की तरफ आंवले का वृक्ष लगाना बेहद शुभ और फलदायक होता है। यदि उत्तर दिशा में पौधा लगाना संभव न हो, तो आप इसे पूर्व दिशा की ओर भी लगा सकते हैं। इसके साथ ही, इस पावन दिन पर जरूरतमंदों को गर्म कपड़ों का दान करना चाहिए। आंवला नवमी पर आंवले का दान करने और पेड़ के नीचे ब्राह्मणों को भोजन कराने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इन सभी धार्मिक कार्यों को करने से मनुष्य को लक्ष्मीनारायण का आशीर्वाद मिल सकता है और जीवन के कष्ट दूर हो सकते हैं।