पुष्पा इम्पॉसिबल में बड़ा खुलासा, डीएनए टेस्ट से सामने आया टाइगर का सच
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में बड़ा खुलासा होने जा रहा है। डीएनए टेस्ट से पुष्टि होगी कि टाइगर पुष्पा का बेटा है। वर्षों बाद सामने आई यह सच्चाई पुष्पा के अतीत और परिवार में नया मोड़ लेकर आएगी।
तस्वीर में धारावाहिक पुष्पा इम्पॉसिबल के किरदार टाइगर और पुष्पा नजर आ रहे हैं।
सोनी सब के लोकप्रिय धारावाहिक ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में कहानी अब ऐसे भावनात्मक मोड़ पर पहुंचने जा रही है, जहां पुष्पा (करुणा पांडे) के सामने टाइगर (मुकुल हरीश) को लेकर एक ऐसी सच्चाई सामने आएगी, जो उसकी अब तक की सभी धारणाओं को बदल देगी। टाइगर के साथ अपने रिश्ते को समझने की कोशिश कर रही पुष्पा को जल्द ही उस सच का सामना करना होगा, जिसकी उसने कभी उम्मीद नहीं की थी।
आगामी एपिसोड्स में दिखाया जाएगा कि पुष्पा का डीएनए टेस्ट उस सच्चाई की पुष्टि करता है, जिसे स्वीकार करने में वह संघर्ष कर रही थी। टाइगर उसका बेटा है। वर्षों तक पुष्पा को विश्वास था कि उसका नवजात बेटा भूकंप में मर गया था। अब उसे पता चलता है कि उसका बेटा जीवित है और टाइगर के रूप में उसके सामने खड़ा है।
यह खुलासा पुष्पा के अतीत की दर्दनाक यादों को फिर से सामने ले आता है। इसके साथ ही उसे उस सवाल का जवाब भी मिलता है, जिसे वह वर्षों से अपने भीतर लिए चल रही थी। हालांकि, इस सच्चाई के सामने आने के बाद पुष्पा के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो जाती है। अब उसे तय करना है कि टाइगर को यह बात किस तरह बताई जाए और इस सच्चाई का उसके परिवार पर क्या असर होगा।
क्या यह सच पुष्पा और टाइगर को करीब लाएगा या उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल देगा?
आगामी कहानी को लेकर पुष्पा का किरदार निभा रहीं करुणा पांडे ने कहा, “यह खुलासा पुष्पा के लिए बहुत सारी चीज़ें बदलने वाला है। वर्षों तक वह इस विश्वास में जी रही थी कि उसने अपना बेटा खो दिया है और यह सच्चाई कई यादें और भावनाएँ वापस ले आती है। यह जानना कि टाइगर उसका बेटा है, एक ऐसा सच है, जिसे समझने में पुष्पा को समय लगेगा। साथ ही, पुष्पा जानती है कि यह सिर्फ अपने बेटे को ढूँढने की बात नहीं है। उसे यह भी सोचना होगा कि टाइगर इस बात पर कैसी प्रतिक्रिया देगा और यह सच्चाई परिवार को कितना प्रभावित करेगी। ज़िंदगी ने वह घाव फिर से कुरेद दिया है, जिसे पुष्पा ने सोचा था कि भर चुका है।”
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ हर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है। टाइगर के पुष्पा का बेटा होने की पुष्टि के बाद अब कहानी में पुष्पा के सामने इस सच्चाई को टाइगर और अपने परिवार के सामने रखने की चुनौती होगी।