स्टार प्लस पर 'सयोनी' से रश्मि देसाई की वापसी, निभाएंगी माया का रोल
ड्रीमियाता एंटरटेनमेंट के निर्मित शो में रश्मि देसाई, जाह्नवी सोनी और गौतम सिंह विग मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
तस्वीर में बाएं से दाएं गौतम सिंह विग, रश्मि देसाई और जाह्नवी सोनी नजर आ रहे हैं।
रश्मि देसाई, जाह्नवी सोनी और गौतम सिंह विग अभिनीत ‘सयोनी’ का प्रसारण 23 सितंबर से शाम 7:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर शुरू होगा। धारावाहिक में रश्मि देसाई माया, जाह्नवी सोनी सानवी और गौतम सिंह विग आदित्य की भूमिका में नजर आएंगे।
‘सयोनी’ की कहानी ऐसे रिश्ते को सामने लाती है, जिसमें प्रेम का अर्थ किसी की लड़ाई अपने हाथ में लेना नहीं, बल्कि उसे अपनी लड़ाई खुद लड़ने का हौसला देना है। माँ का प्यार पाने की चाह रखने वाली सानवी के जीवन में आदित्य ऐसे साथी के रूप में आता है, जो उसे अपने मन की बात कहने और अपने फैसले खुद लेने का साहस देता है।
लंबे समय बाद धारावाहिकों में वापसी कर रहीं रश्मि देसाई शो में मजबूत, व्यावहारिक और अपने जज्बातों को छिपाकर रखने वाली माया का किरदार निभाएंगी। सरगुन मेहता और रवि दुबे के निर्माण संस्थान ड्रीमियाता एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित यह धारावाहिक भरोसे, बराबरी और हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ निभाने वाले प्रेम की कहानी है।
धारावाहिक के शुभारंभ को लेकर रश्मि देसाई ने कहा, "माया सिर्फ एक किरदार या कल्पना नहीं है, बल्कि जीवन की सच्चाइयों को समझने वाली बेहद व्यावहारिक महिला है। एक कलाकार के रूप में मुझे कई प्रस्ताव मिले, लेकिन कहानियों और किरदारों से जुड़ाव महसूस न होने के कारण मैंने उन्हें स्वीकार नहीं किया। हर कलाकार ऐसा किरदार निभाना चाहता है, जिसे खूबसूरती से लिखा गया हो। मैं छोटे पर्दे पर वापसी नहीं, बल्कि अपने काम में एक सार्थक उद्देश्य तलाश रही थी। सरगुन और रवि निर्माता के रूप में शानदार काम कर रहे हैं और उत्तम भेलावत एक बेहतरीन निर्देशक हैं। पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों को दर्शक भले ही न जानें, लेकिन किसी कहानी को सही दर्शकों तक पहुँचाने में उनकी सबसे अहम् भूमिका होती है। मुझे खुशी है कि मैंने इंतजार किया और अपनी भावनाओं के प्रति ईमानदार रही, क्योंकि मैंने कभी जल्दबाजी में फैसले नहीं लिए।"
सानवी के किरदार और रश्मि देसाई के साथ काम करने के अनुभव पर जाह्नवी सोनी ने कहा, "सानवी स्नेही और सबका ख्याल रखने वाली लड़की है, लेकिन उसकी अच्छाई को उसकी कमजोरी नहीं समझना चाहिए। वह सही बात के लिए खड़े होने का साहस रखती है और अपने वादे निभाती है, फिर चाहे इसके लिए उसे कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े। रश्मि मैम के साथ काम करने से यह सफर मेरे लिए और भी खास बन गया है। वे काफी स्नेही हैं और साथी कलाकार के रूप में हमेशा सहयोग करती हैं। 'सयोनी' के माध्यम से मुझे उनमें एक बहुत अच्छी दोस्त भी मिली है।"
गौतम सिंह विग ने आदित्य को सानवी का सच्चा साथी बताते हुए कहा, "क्या आदित्य सानवी का नायक है? नहीं, वह उसका नायक नहीं, बल्कि उसका सयोनी है। नायक आपके लिए आपकी लड़ाई लड़ता है, जबकि सयोनी आपके साथ खड़ा रहता है और आपको अपनी लड़ाई खुद जीतने का हौंसला देता है। आदित्य सानवी के फैसलों का सम्मान करता है और उसे अपने सवालों के जवाब खुद तलाशने की पूरी आजादी देता है। उसका प्रेम भरोसे, सुरक्षा और बराबरी पर टिका है। यही बात उसे सानवी का सच्चा साथी बनाती है।"
‘सयोनी’ का प्रीमियर 23 सितंबर से शाम 7:30 बजे सिर्फ स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा। रश्मि देसाई की आठ साल बाद वापसी और जाह्नवी सोनी व गौतम सिंह विग की मुख्य भूमिकाओं वाली यह कहानी भरोसे, बराबरी और अपने फैसले खुद लेने के साहस को केंद्र में रखती है।