स्वयंभू फिल्म की शूटिंग मारेडुमिल्ली के अनछुए जंगलों में हुई पूरी
निर्देशक भरत कृष्णमाचारी ने फिल्म की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वास्तविकता के लिए पुष्पा फेम मारेडुमिल्ली के दुर्गम स्थानों पर कठिन शेड्यूल पूरा किया।
अभिनेता निखिल सिद्धार्थ अपनी आगामी ऐतिहासिक फिल्म 'स्वयंभू' के एक एक्शन दृश्य में, जिसकी शूटिंग राजामुंद्री के निकट दुर्गम मारेडुमिल्ली जंगलों में की गई है।
निखिल सिद्धार्थ की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्वयंभू’ अपने टीजर रिलीज के बाद लगातार चर्चा में बनी हुई है। ‘कार्तिकेय 2’ की सफलता के बाद इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। भव्य पैमाने, दमदार कहानी और सिनेमाई विजुअल्स से भरपूर टीजर को व्यापक सराहना मिली है। इसी बीच फिल्म का पहला गाना ‘रा रा धीवरा’ भी दर्शकों के बीच बड़ा हिट साबित हुआ है।
फिल्म के विशाल स्तर और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को वास्तविकता के करीब दिखाने के लिए इसकी शूटिंग कठिन और अनछुए जंगलों में की गई। निर्देशक भरत कृष्णमाचारी ने खुलासा किया कि लाइव-एक्शन हिस्सों की शूटिंग के लिए आंध्र प्रदेश के राजामुंद्री के पास स्थित मारेडुमिल्ली के जंगलों को चुना गया। यही वह इलाका है जहां फिल्म ‘पुष्पा’ के जंगल वाले सीक्वेंस शूट किए गए थे। हालांकि ‘स्वयंभू’ की टीम ने खास तौर पर ऐसी लोकेशन्स का चयन किया, जहां पहले कभी शूटिंग नहीं हुई थी।
भरत कृष्णमाचारी ने बताया कि इन दुर्गम स्थानों तक पहुंचना किसी एडवेंचर से कम नहीं था। टीम को पहाड़ों की चोटी तक पहुंचने के लिए करीब 2 से 2.5 घंटे तक जीप से सफर करना पड़ता था। एक शेड्यूल के दौरान अचानक भारी बारिश शुरू हो गई, जिसके कारण टीम का एक हिस्सा पहाड़ पर बिना जरूरी सामान के लगभग एक-दो दिन तक फंसा रहा।
उन्होंने कहा कि उस खूबसूरत और पूरी तरह अनछुई लोकेशन पर शूटिंग की अनुमति पाने वाली शुरुआती टीमों में ‘स्वयंभू’ की टीम भी शामिल थी। फिल्म का टीजर भारत के गौरवशाली स्वर्ण युग की पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी को प्रस्तुत करता है, जिसमें विरासत, साहस और सांस्कृतिक महत्व की झलक दिखाई देती है। कहानी के केंद्र में सेंगोल का शक्तिशाली प्रतीक नजर आता है, जो सम्मान और विरासत से जुड़ी कहानी की ओर संकेत करता है।
फिल्म में निखिल सिद्धार्थ बेहद प्रभावशाली अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। टीजर शानदार विजुअल्स, गहरे ड्रामा और जबरदस्त एक्शन से भरपूर है। ‘स्वयंभू’ में इंडस्ट्री के कई बड़े टेक्नीशियंस और क्रिएटिव टैलेंट जुड़े हैं। फिल्म का निर्देशन भरत कृष्णमाचारी ने किया है, जबकि संगीत रवि बसरूर ने दिया है, जो ‘केजीएफ’ और ‘सलार’ के लिए मशहूर हैं। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी केके सेंथिल कुमार ने संभाली है, जिन्होंने ‘बाहुबली’ और ‘आरआरआर’ जैसी फिल्मों में काम किया है। एडिटिंग तम्मिराजू ने की है, जो ‘बाहुबली’ से जुड़े रहे हैं।
करीब 170 दिनों तक चली शूटिंग के साथ ‘स्वयंभू’ हाल के वर्षों की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिनी जा रही है। फिल्म को भुवन और श्रीकर ने पिक्सल स्टूडियोज के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। भारत के समृद्ध इतिहास और शाश्वत गौरव को समर्पित यह भव्य फिल्म समर 2026 में दुनियाभर में रिलीज की जाएगी।