आलिया भट्ट की ट्रोलिंग पर महेश भट्ट का बयान, कहा- शोहरत की कीमत है

महेश भट्ट ने अपनी बेटी आलिया भट्ट को सोशल मीडिया पर मिलने वाली आलोचना पर कहा कि प्रसिद्धि के साथ ऐसी चुनौतियों का आना स्वाभाविक है और वह इसमें दखल नहीं देते।

Update: 2026-07-03 08:20 GMT

तस्वीर में आलिया भट्ट और महेश भट्ट एक साथ नजर आ रहे हैं।

फिल्म निर्माता महेश भट्ट ने अपनी बेटी आलिया भट्ट को सोशल मीडिया पर होने वाली आलोचना और ट्रोलिंग को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रसिद्धि के साथ आलोचना और नफरत भी आती है और वह अपने बच्चों को इससे बचाने के लिए हस्तक्षेप नहीं करते, क्योंकि ऐसा करना उन्हें कमजोर बना देगा।

हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में महेश भट्ट ने अपने बच्चों, खासकर आलिया भट्ट, को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वह कभी भी अपने बच्चों को सलाह नहीं देते। महेश भट्ट ने कहा, “मैं अपने बच्चों को कभी सलाह नहीं देता। वे मुझसे ज्यादा समझदार हैं। वे आज के दौर से जुड़े हैं। वे खुद सीखेंगे। जमीन उन्हें सिखाएगी और वही एकमात्र शिक्षक है। जीवन ही सबसे बड़ा शिक्षक है, बस।”

महेश भट्ट ने कहा कि वह अपने बच्चों को सार्वजनिक आलोचना से बचाने के लिए जरूरत से ज्यादा सुरक्षा नहीं देते। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि जरूरत से ज्यादा सुरक्षा उन्हें अपंग बना देगी। नहीं, उन्हें भी रोशनी का स्वाद चखने दीजिए, जैसे हम सभी जलते हैं।”

उन्होंने आलोचना और सोशल मीडिया पर मिलने वाली नफरत को शोहरत के साथ आने वाला “ऑक्यूपेशनल हैज़र्ड” बताया। महेश भट्ट ने कहा, “शोहरत की एक कीमत होती है। अगर आप धूप में खड़े होंगे तो धूप आपको झुलसाएगी।”

महेश भट्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने जीवन के अनुभव अपने बच्चों पर थोपना सही नहीं मानते। उन्होंने कहा, “मैं अपने जीवन के अनुभव अपने बच्चों को नहीं बताता और उनसे यह उम्मीद नहीं करता कि वे उन्हें अपने जीवन के नक्शे पर लागू करें। वह सही भी नहीं है। उनकी जिंदगी अलग है, यह दौर अलग है और उनकी यात्राएं भी अलग हैं।”

उन्होंने पालन-पोषण को लेकर भी अपनी सोच साझा करते हुए कहा कि माता-पिता यह उम्मीद नहीं कर सकते कि उनके बच्चे उन्हीं अनुभवों और सीख के आधार पर जीवन जिएंगे, जिनसे वे स्वयं गुजरे हैं। उनके अनुसार हर पीढ़ी एक अलग दुनिया में बड़ी होती है और उसकी परिस्थितियां भी अलग होती हैं।

महेश भट्ट ने यह भी स्वीकार किया कि एक फिल्म निर्माता के रूप में उन्होंने सार्वजनिक जीवन के हर पहलू को देखा है। उनके कई फिल्मों को सराहना मिली, कई फिल्मों की आलोचना हुई और उनके कई सार्वजनिक बयान भी विवादों का कारण बने। अब वही सार्वजनिक जांच और सोशल मीडिया ट्रोलिंग उनकी बेटी आलिया भट्ट को भी झेलनी पड़ रही है।

इस बीच आलिया भट्ट की फिल्म 'अल्फा' 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म में शरवरी, अनिल कपूर और बॉबी देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

Tags:    

Similar News