नेहा धूपिया के शो में साइरस साहूकार और साइरस ब्रोचा ने की शिरकत
डबल डेट शो के नए एपिसोड में म्यूजिक टेलीविजन के दौर और वीजे संस्कृति के प्रभाव पर चर्चा हुई।
तस्वीर में बाएं से दाएं अंगद बेदी, साइरस साहूकार, साइरस ब्रोचा और नेहा धूपिया एक साथ नजर आ रहे हैं।
मुंबई: नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' के नए एपिसोड में पूर्व VJ आइकन साइरस साहूकार और साइरस ब्रोचा ने 90 के दशक और शुरुआती 2000 के दशक के उस दौर को याद किया, जब म्यूजिक टेलीविजन भारतीय पॉप कल्चर का अहम हिस्सा था। बातचीत के दौरान दोनों ने अपने अनुभव साझा किए और उस समय VJs के प्रभाव को लेकर दिलचस्प चर्चा की।
यह शो, जिसमें नेहा धूपिया और अंगद बेदी हर सप्ताह सेलिब्रिटी मेहमानों के साथ डबल डेट पर नजर आते हैं, अपनी बेबाक बातचीत, मनोरंजक खेलों और हल्के-फुल्के माहौल के लिए जाना जाता है। इस सप्ताह का एपिसोड म्यूजिक टेलीविजन के स्वर्णिम दौर को समर्पित है, जिसमें VJ पीढ़ी के दो सबसे चर्चित चेहरे अपने अनुभवों और यादों को दर्शकों के साथ साझा करते दिखाई देंगे।
बातचीत के दौरान अंगद बेदी ने कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब VJs की लोकप्रियता फिल्मी सितारों से भी अधिक हुआ करती थी। इस टिप्पणी के बाद साइरस साहूकार और साइरस ब्रोचा के बीच उस दौर के सांस्कृतिक प्रभाव और दर्शकों पर VJs की पकड़ को लेकर रोचक चर्चा शुरू हो गई।
अपनी खास अंदाज में साइरस ब्रोचा ने कहा, "हम इन्फ्लुएंसर्स से पहले के इन्फ्लुएंसर्स थे। आज की पीढ़ी इन्फ्लुएंसर इसलिए बनी क्योंकि लोगों को प्रभावित करने की शुरुआत हमने की थी। और यह वास्तव में सच है।"
इस चर्चा में उस दौर को भी याद किया गया, जिसने भारतीय टेलीविजन को मलाइका अरोड़ा, साइरस साहूकार, साइरस ब्रोचा, रणविजय सिंघा, मिनी माथुर, मारिया गोरेटी सहित कई लोकप्रिय चेहरों से परिचित कराया। इन हस्तियों ने सोशल मीडिया के दौर से पहले ही भारतीय पॉप कल्चर को नई पहचान दी और दर्शकों के बीच अपनी अलग छाप छोड़ी।
क्या वास्तव में ऐसा समय था जब VJs फिल्मी सितारों से अधिक लोकप्रिय थे? इस सवाल पर अलग-अलग दृष्टिकोण, पुरानी यादें और भरपूर हास्य देखने को मिलेगा। इस दिलचस्प बहस का नतीजा जानने के लिए दर्शकों को 'डबल डेट' का नया एपिसोड देखना होगा, जहां मनोरंजन के साथ म्यूजिक टेलीविजन के स्वर्णिम दौर की झलक भी देखने को मिलेगी।