क्योंकि सास भी कभी बहू थी में आया 10 साल का लीप, तुलसी की वापसी

लोकप्रिय धारावाहिक 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में 10 साल के लीप के साथ कहानी का नया अध्याय शुरू हुआ है, जिसमें तुलसी फिर नजर आएंगी।

Update: 2026-07-03 08:53 GMT

तस्वीर में अभिनेत्री स्मृति ईरानी लाल साड़ी पहने हाथ जोड़कर अभिवादन करती हुई दिख रही हैं।

टेलीविजन के प्रतिष्ठित धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में आज से 10 साल की छलांग के साथ कहानी का नया अध्याय शुरू हो गया है। इस मौके पर तुलसी का किरदार निभाने वाली स्मृति ईरानी ने बताया कि बदलते समय, पीढ़ियों के अलग-अलग नजरिए और रिश्तों में बढ़ती दूरियों के बावजूद हर परिवार को ऐसे व्यक्ति की जरूरत होती है, जो मतभेद बढ़ाने के बजाय रिश्तों को जोड़ने का काम करे।

स्मृति ईरानी ने कहा, “बीते वर्षों में मुझे सबसे बड़ी तारीफ तब मिली, जब लोगों ने कहा कि तुलसी ने उन्हें अपनी मां, दादी या नानी की याद दिलाई। मेरा मानना है कि दुनिया चाहे कितनी भी बदल जाए, हर परिवार को अंततः ऐसे व्यक्ति की जरूरत होती है, जो लोगों को बांटने के बजाय उन्हें जोड़ने का फैसला करे, निर्णय सुनाने के बजाय उनकी बात सुने।”

उन्होंने आगे कहा, “यह नया अध्याय मेरे लिए बेहद खास है। दस साल बाद तुलसी ऐसे परिवार में लौटती है, जो पूरी तरह बदल चुका है। रिश्ते पहले से अधिक जटिल हो गए हैं और अपनों के बीच दूरियां भी बढ़ गई हैं। इसके बावजूद तुलसी का विश्वास नहीं बदला है। वह मानती है कि हर रिश्ते को एक और मौका मिलना चाहिए और हर परिवार फिर से एक-दूसरे तक लौटने का रास्ता खोज सकता है।”

स्मृति ईरानी ने कहा, “तुलसी की सबसे बड़ी खासियत हमेशा यही रही है कि उसने कभी यह नहीं माना कि किसी समस्या का केवल एक ही समाधान हो सकता है। हर पीढ़ी अपनी नई चुनौतियां लेकर आती है और हर चुनौती का सामना करने के लिए संवेदनशीलता, साहस और एक-दूसरे को समझने की इच्छा जरूरी होती है। इस सफर में कई अप्रत्याशित पल आएंगे, लेकिन इसकी मूल भावना परिवार, माफी और उम्मीद है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक तुलसी की कहानी में अपने जीवन की झलक देखेंगे और इस नए अध्याय के हर पल का आनंद लेंगे।”

दस साल की छलांग के साथ शुरू हुआ यह नया अध्याय परिवार, रिश्तों, माफी और उम्मीद की नई कहानी लेकर आया है। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ का प्रसारण प्रतिदिन रात 10:30 बजे स्टार प्लस पर किया जाता है और यह जियोहॉटस्टार पर भी कभी भी देखा जा सकता है।

Similar News