लंबोधरा 2.0 की शूटिंग पूरी, पहली बार असली ह्यूमनॉइड रोबोट निभाएगा फिल्म में किरदार
‘लंबोधरा 2.0’ की शूटिंग पूरी हो गई है और फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन में पहुंच गई है। सिंपल सुनी की इस साइंस-फिक्शन सोशल थ्रिलर में जिया नाम की असली ह्यूमनॉइड रोबोट पर्दे पर किरदार निभा रही है।
तस्वीर में बाएं से अनिल शेट्टी, ह्यूमनॉइड रोबोट जिया और साची बिंद्रा नजर आ रहे हैं।
साइंस-फिक्शन सोशल थ्रिलर फिल्म ‘लंबोधरा 2.0’ की शूटिंग पूरी हो गई है। सिंपल सुनी के निर्देशन में बनी यह फिल्म अब पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में पहुंच गई है। फिल्म में अनिल शेट्टी, साची बिंद्रा, कुणाल कपूर और मेघना गांवकर अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म जल्द ही सिल्वर स्क्रीन पर रिलीज होने के लिए तैयार है।
‘लंबोधरा 2.0’ की कहानी आज की तकनीक और समाज के बीच के संबंध को केंद्र में रखती है। फिल्म की घोषणा के समय से ही इसकी कहानी चर्चा में बनी हुई है। शूटिंग पूरी होने की आधिकारिक घोषणा के बाद मेकर्स ने फिल्म के सफर से जुड़ी यादों और पर्दे के पीछे के पलों की झलक साझा की है।
मेकर्स की ओर से साझा किए गए बीटीएस में कहा गया, "बीटीएस लोडिंग… कैमरों ने कुछ वक्त पहले ही रोलिंग रोक दी थी, लेकिन सेट से जुड़ी यादें अभी भी ताजा हैं। कई महीनों की मस्ती, हंसी-मजाक, एक्सपेरिमेंट्स, रीटेक्स और कई यादगार पलों को मिलाकर ‘लंबोधरा 2.0’ की दुनिया तैयार हुई है। कैमरों के पीछे की दुनिया की एक छोटी सी झलक यहां है। जल्द ही थिएटर्स में मिलते हैं!"
फिल्म की खासियत इसकी कास्टिंग के साथ वह तकनीकी प्रयोग भी है, जिसके तहत पारंपरिक विजुअल इफेक्ट्स और प्रोस्थेटिक्स के बजाय जिया को फिल्म में पेश किया गया है। जिया मचानी रोबोटिक्स द्वारा बेंगलुरु में बनाई गई ह्यूमनॉइड रोबोट है, जो बड़े पर्दे पर एक पूर्ण किरदार निभा रही है।
इस ऐतिहासिक पहल को लेकर मेकर्स ने एक खास नोट भी साझा किया। इसमें कहा गया, "बेंगलुरु की मचानी रोबोटिक्स। इंडियन सिनेमा में पहली बार एक असली ह्यूमनॉइड रोबोट ‘लंबोधरा 2.0’ में पर्दे पर एक किरदार निभा रहा है। जिया सीजीआई नहीं है। जिया कोई ऐसा एक्टर भी नहीं है जो रोबोट का किरदार निभा रहा हो। जिया ही एक्टर है। इंडियन सिनेमा के भविष्य में आपका स्वागत है।"
शूटिंग पूरी होने के बाद ‘लंबोधरा 2.0’ अब पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में आगे बढ़ गई है। फिल्म सिल्वर स्क्रीन पर ऐसी कहानी पेश करने की तैयारी में है, जिसमें तकनीक और समाज के संबंध को अलग अंदाज में सामने लाया गया है। फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।