तस्वीर में अनिल कपूर शो के मंच पर हाथ जोड़े और पत्नी सुनीता संग ताज महल परिसर में बैठे दिख रहे हैं।

शादी जरूरी है या बिना शादी के भी रिश्ता उम्रभर निभाया जा सकता है? सिंगल रहना खुशी देता है तो क्या सिर्फ परिवार की इच्छा के लिए शादी करनी चाहिए? स्टार प्लस के ‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ के आगामी एपिसोड में प्यार, रिश्तों और शादी को लेकर ऐसी ही दिलचस्प चर्चा देखने को मिलेगी। पहेलियों के बीच प्रतिभागी जब अपनी जिंदगी से जुड़े किस्से साझा करते हैं, तो अनिल कपूर भी इस बातचीत का हिस्सा बनते हैं।

पुणे के सुमीत मेलवानी बताते हैं कि वे पिछले 35 साल से एक मजबूत रिश्ते में हैं, लेकिन उन्होंने और उनकी पार्टनर ने कभी शादी नहीं की। सुमीत के मुताबिक, उन्हें अपने रिश्ते को कोई नाम देने की जरूरत भी महसूस नहीं होती। वहीं, बड़ौदा के रोचक सक्सेना सिंगल रहकर खुश हैं। उन्हें अपनी आजादी और खुद के लिए मिलने वाला समय पसंद है। उनका कहना है कि वे केवल परिवार की इच्छा पूरी करने के लिए शादी नहीं करना चाहते।

शादी को लेकर अनिल कपूर ने भी अपना नजरिया साझा किया। सुनीता के साथ अपने सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं बोल सकता कि मैंने गलती की है या यह मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा फैसला था। लेकिन मुझे लगता है कि शादी करना मेरी जिंदगी का सबसे बेहतरीन फैसला था।”

इसी चर्चा के दौरान गुजरात के शुभम बालांडे ने अपनी एक खास ख्वाहिश बताई। उन्होंने कहा कि यदि वे एक करोड़ रुपए जीतते हैं, तो अपनी पत्नी से दोबारा धूमधाम से शादी करना चाहेंगे और उन्हें दूसरे हनीमून पर ले जाएंगे। उनकी यह बात अनिल कपूर का ध्यान खींच लेती है।

शुभम की बात पर अनिल कपूर ने अपनी शादी के बाद का एक किस्सा याद किया। उन्होंने बताया कि शादी के बाद सुनीता अकेले ही हनीमून पर गई थीं, क्योंकि वे शूटिंग में व्यस्त थे। शुभम की इच्छा सुनकर अनिल ने कहा, “आपने मुझे आइडिया दिया कि हनीमून दोबारा प्लान किया जा सकता है।”

बिना शादी के 35 साल से रिश्ता निभा रहे सुमीत मेलवानी से लेकर अपनी पत्नी से दोबारा शादी करने की ख्वाहिश रखने वाले शुभम बालांडे तक, शो में सामने आई अलग-अलग कहानियां शादी और रिश्तों को लेकर अलग नजरिए पेश करती हैं। इसी बातचीत के बीच अनिल कपूर को भी सुनीता के साथ दूसरे हनीमून की योजना बनाने का विचार मिल गया है।

‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर देखा जा सकता है।

Tags: