हेलोवीन 2024 के मौके पर अभिनेत्री जाह्नवी कपूर (दाएं) ने अपनी मां और दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी (बाएं) की 1986 में आई प्रसिद्ध फिल्म 'नगीना' के आइकॉनिक लुक को रीक्रिएट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

हेलोवीन के मौके पर जाह्नवी कपूर ने अपनी मां और दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की यादों को खास अंदाज में जीवंत कर दिया। जाह्नवी ने साल 1986 में रिलीज हुई श्रीदेवी की फिल्म 'नगीना' का आइकॉनिक नागिन लुक रीक्रिएट किया है। उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसक उनकी तुलना श्रीदेवी से करने लगे। वहीं, दिवंगत अभिनेता अमरीश पुरी के पोते वर्धन पुरी ने भी जाह्नवी की पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

जाह्नवी कपूर कई मौकों पर अपनी मां श्रीदेवी के लुक को दोहरा चुकी हैं, लेकिन इस बार उनका अंदाज खास चर्चा में है। हेलोवीन सेलिब्रेशन के लिए उन्होंने फिल्म 'नगीना' में श्रीदेवी के इच्छाधारी नागिन वाले किरदार का रूप अपनाया। जाह्नवी ने अपने इस खास लुक की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं।

जाह्नवी की साझा की गई पहली तस्वीर को फिल्म 'नगीना' के पोस्टर के साथ संपादित किया गया है। अन्य तस्वीरों में वह बिल्कुल श्रीदेवी की तरह नागिन के रूप में नजर आ रही हैं। इस पोस्ट में फिल्म की शूटिंग के दौरान श्रीदेवी, ऋषि कपूर और अमरीश पुरी की वास्तविक तस्वीरें भी शामिल हैं। श्रीदेवी का लुक दोहराने के लिए जाह्नवी ने उनसे मिलता-जुलता परिधान, मेकअप और आभूषण पहने। उनकी आंखों के भाव भी नागिन के किरदार से मेल खाते दिखाई दिए।

इन तस्वीरों में ओरी भी नजर आ रहे हैं, जिन्होंने ऋषि कपूर का रूप अपनाया है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति सपेरा बने अमरीश पुरी के किरदार में दिखाई दे रहा है। तस्वीरें साझा करते हुए जाह्नवी ने लिखा, ‘हैपी हेलोवीन, मुझे इस आइकॉनिक मूवी का ये पल रीक्रिएट करना ही था।’

जाह्नवी के इस लुक पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने उन्हें ‘हमशक्ल’ बताया, जबकि दूसरे ने इसे ‘बेस्ट हेलोवीन लुक’ कहा। एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘अब जाह्नवी भी श्रीदेवी जैसी दिखने लगी है।’ जाह्नवी की चाची महीप कपूर, वीर पहारिया, शालिनी पासी और उनकी बहन खुशी कपूर सहित कई लोगों ने भी इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी।

इस बीच, अमरीश पुरी के पोते वर्धन पुरी का कमेंट भी चर्चा में रहा। उन्होंने जाह्नवी की पोस्ट में श्रीदेवी, ऋषि कपूर और अमरीश पुरी की एक साथ मौजूद तस्वीर पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘3 लीजेंड, 3 आइकॉनिक, मेरे फेवरेट।’

गौरतलब है कि श्रीदेवी और ऋषि कपूर की फिल्म 'नगीना' साल 1986 में रिलीज हुई थी। फिल्म में अमरीश पुरी नागमणि की तलाश करते नजर आए थे। फिल्म की कहानी, कलाकारों के अभिनय और गानों को दर्शकों ने पसंद किया था। 'नगीना' उस साल की सबसे सफल फिल्मों में शामिल रही थी। फिल्म में श्रीदेवी के नागिन वाले किरदार और उनके डांस नंबरों ने भी खास पहचान बनाई थी।

'नगीना' उस दौर की पहली ऐसी हिंदी फिल्म थी, जिसका सीक्वल बनाया गया था। इसके सीक्वल का नाम 'निगाहें' था, जिसमें श्रीदेवी ने ही मुख्य भूमिका निभाई थी और सनी देओल उनके साथ नजर आए थे। दोनों फिल्मों का निर्देशन हर्मेश मल्होत्रा ने किया था और दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था। ऐसे में जाह्नवी कपूर का श्रीदेवी के इसी यादगार किरदार को दोहराना उनकी पोस्ट को खास बना रहा है।