यश के रावण बनने पर बेटे ने जताई नाराजगी, पूछा- 'आप बुरे आदमी क्यों बन रहे हैं?'
फिल्म 'रामायण' में रावण की भूमिका निभा रहे यश ने बताया कि उनके बेटे यथर्व को पिता के इस किरदार के बारे में जानकर हैरानी हुई। बेटे ने उनसे पूछा कि वह बुरे आदमी क्यों बन रहे हैं और क्या अंत में उनकी हार होगी?
फिल्म 'रामायण' में रावण का किरदार निभा रहे अभिनेता यश (बाएं) और उनके बेटे यथर्व (दाएं)।
अभिनेता यश इन दिनों निर्देशक नितेश तिवारी की आगामी फिल्म 'रामायण' में रावण की भूमिका निभाने को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच उन्होंने अपने बेटे यथर्व के साथ हुई एक दिलचस्प बातचीत का खुलासा किया है। यश ने बताया कि जब उनके बेटे को पता चला कि वह फिल्म में भगवान राम नहीं, बल्कि रावण का किरदार निभाने वाले हैं, तो वह हैरान रह गया।
यश ने बताया कि उनका बेटा अपने पिता को जानता है, लेकिन जब उसे रामायण की कहानी और उसमें रावण की भूमिका के बारे में पता चला तो वह चौंक गया। अभिनेता के मुताबिक, बेटे ने उनसे कहा, "नहीं, आप तो बुरे आदमी हैं! आप ऐसा कैसे कर सकते हैं?" इस पर यश ने उसे समझाया कि लोगों को पूरी कहानी समझाने के लिए उसका हर पहलू दिखाना जरूरी है।
यश ने बताया कि उन्हें अपने बेटे को भगवान राम के आदर्शों के बारे में भी समझाना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस कहानी में भगवान राम ऐसे केंद्रीय पात्र हैं, जिनसे हर किसी को प्रेरणा लेनी चाहिए। सभी को राम के मार्ग पर चलना चाहिए।
बातचीत के दौरान यश के बेटे ने उनसे एक और सवाल किया, जिसने अभिनेता को मुश्किल में डाल दिया। बेटे ने पूछा, "क्या अंत में आपकी मृत्यु हो जाती है? क्या आप हार जाते हैं?" यश ने स्वीकार किया कि इस सवाल का जवाब देना उनके लिए कठिन था।
अभिनेता ने बताया कि जब उन्होंने 'रामायण' में काम करने का निर्णय लिया था, तब उनका ध्यान दर्शकों के लिए प्रभावशाली अभिनय प्रस्तुत करने पर था। उन्होंने यह अनुमान नहीं लगाया था कि उन्हें अपने बेटे के ऐसे सवालों का सामना करना पड़ेगा। यश के मुताबिक, एक अभिनेता और उसके द्वारा निभाए जाने वाले काल्पनिक किरदार के बीच अंतर समझाना उनके लिए एक अलग अनुभव रहा।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में रणबीर कपूर और साई पल्लवी भी अभिनय कर रहे हैं। फिल्म 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। फिल्म में रावण की भूमिका निभाने को लेकर यश ने जिस तरह अपने बेटे के सवालों का सामना किया, उससे उनके किरदार की तैयारी से जुड़ा एक व्यक्तिगत पहलू सामने आया है।