तस्वीर में अभिनेत्री हिबा नवाब अपने आगामी शो 'लो चुड़ैल चली ससुराल' के सेट पर जन्मदिन मना रही हैं।

मुंबई। अभिनेत्री हिबा नवाब के लिए इस साल का जन्मदिन खास यादों से भर गया। सोनी सब के आगामी शो ‘लो चुड़ैल चली ससुराल’ के सेट पर उनके प्रशंसकों ने जन्मदिन का सरप्राइज देकर उन्हें भावुक कर दिया। फैंस के इन खास प्रयासों और प्यार भरे संदेशों ने अभिनेत्री के इस दिन को यादगार बना दिया।

हिबा नवाब के प्रशंसकों ने उनके जन्मदिन को खास बनाने के लिए कई तरह के जेस्चर्स और सरप्राइज तैयार किए। उनके संदेशों, एडिट्स, आर्टवर्क और उपहारों में प्रशंसकों की मेहनत और रचनात्मकता साफ नजर आई। फैंस के इस स्नेह से हिबा भावुक और अभिभूत हो गईं।

इस बार जन्मदिन का उत्साह उनके लिए इसलिए भी खास रहा, क्योंकि वह अपने करियर के एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही हैं। हिबा सोनी सब के नए शो ‘लो चुड़ैल चली ससुराल’ में उर्वशी नाम की एक मस्तमौला और अनोखी चुड़ैल की भूमिका निभा रही हैं। शो के प्रीमियर से महज चार दिन पहले उनका जन्मदिन होने के कारण प्रशंसकों के पास जश्न मनाने की दोहरी वजह थी। एक ओर उन्होंने अपनी पसंदीदा अभिनेत्री का जन्मदिन मनाया, तो दूसरी ओर उनके नए किरदार और आगामी शो के लिए उत्साह भी जाहिर किया।

अपने जन्मदिन और प्रशंसकों से मिले प्यार के बारे में बात करते हुए हिबा नवाब ने कहा, “जन्मदिन हमेशा खास होते हैं, लेकिन जो चीज उन्हें और भी यादगार बना देती है, वह है मेरे फैंस से मिलने वाला प्यार। उनके संदेश, एडिट्स, आर्टवर्क और मेरे लिए तैयार किए गए सभी छोटे-छोटे सरप्राइज ने मुझे सचमुच बेहद प्यार महसूस कराया।

उनकी शुभकामनाओं में दिखाई गई मेहनत और रचनात्मकता देखकर मैं हैरान रह जाती हूं। मैंने कोशिश की कि जितनी ज्यादा शुभकामनाएं और उपहार हो सकें, उन सभी को देखूं। यह साल और भी ज्यादा रोमांचक है, क्योंकि मैंने अपना जन्मदिन ‘लो चुड़ैल चली ससुराल’ के ऑन एयर होने से ठीक कुछ दिन पहले ही मनाया है।”

सोनी सब का नया शो ‘लो चुड़ैल चली ससुराल’ 18 नवंबर से प्रसारित होगा। दर्शक इस शो को सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सिर्फ सोनी सब पर देख सकेंगे।