निर्माता एकता कपूर के बालाजी टेलीफिल्म्स के नए टीवी शो 'दिल की बेवफाइयाँ' में अभिनेता गौरव खन्ना (बाएं) और श्रद्धा आर्या मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जिसका प्रसारण 24 नवंबर से होगा।

मुंबई। एक ही शादी में दो लोगों की खुशियों और इच्छाओं के बीच कितना अंतर हो सकता है? क्या पति-पत्नी एक साथ अपनी जिंदगी से संतुष्ट रहते हुए भी भविष्य को लेकर अलग-अलग ख्वाहिशें रख सकते हैं? इसी सवाल को केंद्र में रखकर निर्माता एकता कपूर नया शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ लेकर आ रही हैं। इसमें गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या पहली बार एक साथ नजर आएंगे।

स्टार प्लस के इस नए रोमांटिक फैमिली ड्रामा को लेकर एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। इसमें उन्होंने बताया कि शो की कहानी किस विचार से शुरू हुई और इसके जरिए वह पति-पत्नी के रिश्ते में आने वाले अलग-अलग नजरियों को किस तरह पर्दे पर दिखाना चाहती हैं। बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले बन रहा यह शो 24 नवंबर से रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा।

शो में श्रद्धा आर्या जानकी और गौरव खन्ना मानव की भूमिका निभा रहे हैं। जानकी अपने पति मानव के साथ बिताए रोजमर्रा के छोटे-छोटे पलों में खुश है। उसके लिए दोनों ने मिलकर जो जिंदगी बनाई है, वही पर्याप्त है। इसके विपरीत, उम्र के इस पड़ाव पर मानव के मन में कुछ अधूरी इच्छाएं और ‘काश’ बाकी हैं। वह खुद से सवाल करता है कि अब वह अपने लिए क्या करना चाहता है।

शो की कहानी जानी-पहचानी परिस्थितियों और सहज बातचीत के जरिए यह दिखाएगी कि वर्षों तक साथ रहने के बावजूद पति-पत्नी अपने आने वाले कल को अलग-अलग नजरिए से देख सकते हैं। एक ओर जानकी अपनी मौजूदा जिंदगी से संतुष्ट है, वहीं दूसरी ओर मानव कुछ नया करने और अपनी इच्छाओं को समझने की कोशिश में है।

एकता कपूर ने शो की मूल सोच पर बात करते हुए कहा, "हर इंसान की ज़िंदगी में नए अनुभवों का रोमांच और ठहराव का सुकून, दोनों की चाह होती है। हम उड़ने और जुड़ने के बीच उलझे रहते हैं। जब हम जुड़ते हैं, तो ज़िंदगी में स्थिरता आती है, लेकिन कभी-कभी वही ज़िंदगी थोड़ी उबाऊ भी लगने लगती है। जब हम उड़ते हैं, तो कुछ नया करने का रोमांच मिलता है। हमें दोनों चाहिए, कुछ नया करने का उत्साह भी और अपनेपन का एहसास भी।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं मानव के माध्यम से इसी उलझन को दिखाना चाहती थी। वह ज़िंदगी के ऐसे मोड़ पर है, जहाँ वह ठहरकर खुद से पूछता है, 'अब मैं अपने लिए क्या करना चाहता हूँ?' वहीं, जानकी उस ज़िंदगी में खुश है, जो दोनों ने मिलकर बनाई है। मैं दोनों का नज़रिया पर्दे पर लाना चाहती थी और दिखाना चाहती थी कि जब एक ही सवाल पर पति-पत्नी के जवाब अलग हों, तो उनके बीच कैसी बातचीत होती है।"

‘दिल की बेवफाइयाँ’ में एकता कपूर ने वैवाहिक रिश्ते के भीतर स्थिरता, व्यक्तिगत इच्छाओं और नए अनुभवों की चाह के बीच पैदा होने वाली उलझन को कहानी का आधार बनाया है। गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की मुख्य भूमिकाओं वाला यह शो 24 नवंबर से दर्शकों के सामने होगा।