‘तुम्बाड 2’ में फिर गूंजेगा जेस्पर किड का संगीत, 3 दिसंबर 2027 को होगी रिलीज
| ‘तुम्बाड 2’ में संगीतकार जेस्पर किड की वापसी होगी। सोहम शाह और पेन स्टूडियोज के निर्माण में बन रही इस फिल्म का निर्देशन आदेश प्रसाद करेंगे। आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी कलाकारों में शामिल हैं।
डेनिश संगीतकार जेस्पर किड फिल्म तुम्बाड 2 के लिए संगीत तैयार करने के उद्देश्य से एक बार फिर अभिनेता-निर्माता सोहम शाह और निर्देशक आदेश प्रसाद के साथ जुड़े हैं।
‘तुम्बाड’ की रहस्यमयी दुनिया को खास पहचान देने वाला संगीत एक बार फिर सीक्वल में सुनाई देगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर डेनिश संगीतकार जेस्पर किड ‘तुम्बाड 2’ के लिए संगीत तैयार करेंगे। उन्होंने 2018 में रिलीज हुई पहली फिल्म का संगीत भी तैयार किया था। अब अभिनेता-निर्माता सोहम शाह और डॉ. जयंतीलाल गड़ा के पेन स्टूडियोज के साथ मिलकर इस फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। फिल्म का निर्देशन आदेश प्रसाद करेंगे।
‘असैसिन्स क्रीड’, ‘हिटमैन’ और ‘बॉर्डरलैंड्स’ जैसी चर्चित फ्रेंचाइजी के लिए संगीत तैयार कर चुके जेस्पर किड ने पहली ‘तुम्बाड’ में अपनी अलग संगीत शैली से फिल्म के रहस्य, लोककथा और पौराणिक तत्वों को प्रभावशाली रूप दिया था। फिल्म की कहानी के साथ उसके संगीत ने भी दर्शकों के बीच विशेष पहचान बनाई। पहली फिल्म का संगीत उसके रहस्यमय वातावरण और दृश्य संरचना का अहम हिस्सा रहा था।
‘तुम्बाड 2’ से दोबारा जुड़ने पर जेस्पर किड ने कहा, “मैं 'तुम्बाड 2' के लिए संगीत देने और 'तुम्बाड' की दुनिया के एक और शानदार यात्रा के लिए निर्देशक आदेश प्रसाद और अभिनेता-निर्माता सोहम शाह के साथ जुड़ने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। मुझसे 'तुम्बाड' के लिए आदेश ने ही सबसे पहले संपर्क किया था। मुझे याद है कि जब मैंने फिल्म का शुरुआती संस्करण देखा था, तो मुझे लगा कि यह मेरी देखी गई सबसे बेहतरीन दुनियाओं में से एक है। मैं इस दुनिया में वापस आकर संगीत के जरिए इसे और गहराई से तलाशने के लिए बहुत रोमांचित हूं।”
सोहम शाह ने जेस्पर किड की वापसी को फिल्म की रचनात्मक पहचान से जुड़ा अहम फैसला बताया। उन्होंने कहा, “तुम्बाड की पहचान में उसके संगीत का उतना ही बड़ा योगदान था, जितना उसकी दृश्य दुनिया का। जेस्पर ने फिल्म को एक अलग तरह का संगीत दिया था, जिसने उसके माहौल और कहानी को और बेहतर बनाया। ‘तुम्बाड 2’ के लिए उनकी वापसी हमारे लिए जरूरी थी, क्योंकि हम इस रचनात्मक जुड़ाव को बनाए रखते हुए फिल्म की दुनिया को आगे बढ़ाना चाहते थे। मैं उनका दोबारा स्वागत करते हुए बहुत खुश हूं और इस बार हम साथ मिलकर जो बना रहे हैं, उसे दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हूं।”
निर्देशक आदेश प्रसाद ने भी जेस्पर के साथ दोबारा काम करने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “तुम्बाड की दुनिया बनाने में जेस्पर के संगीत का बहुत बड़ा हाथ था। शुरुआत से ही मुझे पता था कि फिल्म का संगीत ऐसा होना चाहिए, जो उसके रहस्य, बड़े पैमाने और डरावने माहौल को महसूस करा सके। जेस्पर ने मेरे इस नजरिए को अच्छी तरह समझा और फिल्म को एकदम अलग तरह का अनोखा संगीत दिया। ‘तुम्बाड 2’ के लिए उनका वापस आना बहुत खुशी की बात है, क्योंकि वे और मैं इस फिल्म की दुनिया से अच्छी तरह वाकिफ हैं। मैं इस साथ को आगे बढ़ाने और फिल्म के संगीत में कुछ नए प्रयोग करने के लिए उत्साहित हूं।”
पहली फिल्म में जेस्पर किड और आदेश प्रसाद ने संगीत की कई शैलियों का संयोजन किया था। इसमें रहस्यमयी धुनों, अलग-अलग वाद्ययंत्रों, ऑर्केस्ट्रा और सिंथेसाइजर की ध्वनियों को एक साथ इस्तेमाल किया गया था। इस संयोजन ने फिल्म की लोककथा आधारित कहानी को पुराने दौर के माहौल के साथ रहस्यपूर्ण अनुभव दिया। पहली फिल्म के संगीत को मिली पहचान के बाद दोनों की यह रचनात्मक साझेदारी सीक्वल के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
करीब तीन दशक के करियर में जेस्पर किड ने फिल्मों और वीडियो गेम्स के लिए अपने विशिष्ट संगीत संयोजन के जरिए अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। वह गेमिंग और मनोरंजन जगत की प्रमुख फ्रेंचाइजी ‘असैसिन्स क्रीड’, ‘हिटमैन’ और ‘बॉर्डरलैंड्स’ के लिए संगीत तैयार कर चुके हैं। ‘तुम्बाड’ के संगीत के लिए उन्हें 2019 में क्रिटिक्स चॉइस फिल्म अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ संगीत का पुरस्कार मिला था। इसके अलावा ज्ञान दरबार फिल्म अवॉर्ड्स और पावर ब्रांड्स बॉलीवुड फिल्म जर्नलिस्ट अवॉर्ड्स में भी उन्हें सर्वश्रेष्ठ संगीत के लिए सम्मानित किया गया था।
जेस्पर किड को 2019 के 64वें विमल फिल्मफेयर अवॉर्ड्स, CNN-IBN न्यूज18 रील मूवी अवॉर्ड्स और FOI ऑनलाइन अवॉर्ड्स इंडिया में भी सर्वश्रेष्ठ संगीत श्रेणी में नामांकन मिला था। उनके संगीत ने पहली ‘तुम्बाड’ की रचनात्मक पहचान को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
अभिनेता और निर्माता सोहम शाह एक बार फिर ‘तुम्बाड’ की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। फिल्म में वह अपनी पिछली भूमिका के साथ जुड़े रहेंगे, जबकि आदेश प्रसाद निर्देशन की कमान संभालेंगे। सीक्वल में पहली फिल्म की रचनात्मक टीम फिर से साथ काम करेगी। हालांकि, इस बार कलाकारों की टोली में कुछ नए चेहरे भी शामिल होंगे। आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी फिल्म की कास्ट का हिस्सा बन गए हैं।
‘तुम्बाड 2’ का निर्माण सोहम शाह अपने प्रोडक्शन हाउस सोहम शाह फिल्म्स के बैनर तले डॉ. जयंतीलाल गड़ा के पेन स्टूडियोज के साथ मिलकर कर रहे हैं। पेन स्टूडियोज अब तक 3,000 से अधिक फिल्मों से जुड़ा रहा है। इस बैनर ने ‘RRR’ और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ जैसी फिल्मों को भी समर्थन दिया है। अब सोहम शाह के साथ मिलकर स्टूडियो ‘तुम्बाड 2’ को बड़े स्तर पर दर्शकों के सामने पेश करने की तैयारी कर रहा है।
निर्माताओं के अनुसार, ‘तुम्बाड 2’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 3 दिसंबर 2027 को रिलीज होगी। जेस्पर किड की वापसी, आदेश प्रसाद का निर्देशन और नए कलाकारों की मौजूदगी इस सीक्वल की प्रमुख विशेषताएं होंगी।