एनटीए ने जेईई मेन 2027 रजिस्ट्रेशन के साथ परीक्षा केंद्र चयन के लिए नए निर्देश लागू किए।

जेईई मेन 2027 की परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र चुनने को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नए दिशा-निर्देश लागू किए हैं। नए नियमों के तहत अब उम्मीदवारों को अपने स्थायी या वर्तमान पते वाले राज्य में स्थित शहरों में से ही परीक्षा केंद्र चुनने का विकल्प मिलेगा। हालांकि, संबंधित राज्य में चार परीक्षा शहर उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में प्रशासनिक सुविधा के आधार पर दूसरे राज्यों के शहरों का विकल्प भी दिया जा सकेगा।

एनटीए ने जेईई मेन 2027 के सेशन-1 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के साथ परीक्षा शहरों के चयन और रजिस्ट्रेशन से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। इस बार परीक्षा केंद्रों की सूची में कुल 310 शहर शामिल किए गए हैं। इनमें भारत के 301 और विदेश के 9 शहर हैं। एजेंसी ने परीक्षा केंद्र आवंटन की प्रक्रिया को लेकर उम्मीदवारों के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

नए नियमों के अनुसार, अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय अपने स्थायी या वर्तमान पते वाले राज्य में उपलब्ध परीक्षा शहरों में से केंद्र चुनना होगा। यदि संबंधित राज्य में चार परीक्षा शहर उपलब्ध नहीं हैं, तो प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों को दूसरे राज्यों के शहर चुनने का विकल्प दिया जाएगा। आवेदन पत्र में अभ्यर्थियों को प्राथमिकता के क्रम में परीक्षा शहर के चार विकल्प भरने अनिवार्य होंगे।

एनटीए की कोशिश रहेगी कि उम्मीदवारों को उनकी पहली पसंद का परीक्षा शहर आवंटित किया जाए। हालांकि, प्रशासनिक या लॉजिस्टिक कारणों से दूसरी पसंद का शहर भी आवंटित किया जा सकता है। एक बार परीक्षा केंद्र आवंटित होने के बाद उम्मीदवारों को शहर बदलने की अनुमति नहीं होगी।

विदेशी उम्मीदवारों के लिए भी अलग दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिन अभ्यर्थियों का स्थायी या वर्तमान पता भारत से बाहर है, उन्हें आवेदन के दौरान भारत में कम से कम एक परीक्षा शहर चुनना अनिवार्य होगा। ऐसे उम्मीदवारों को परीक्षा शहर का विकल्प भरते समय अपनी यात्रा की सुविधा और प्राथमिकता का ध्यान रखना होगा, क्योंकि आवंटन के बाद शहरों की सूची में बदलाव नहीं किया जा सकेगा।

परीक्षा शहरों की सूची में भी इस वर्ष बदलाव किया गया है। पिछले वर्ष की तुलना में जेईई मेन 2027 सेशन-1 के लिए परीक्षा शहरों की संख्या 323 से घटाकर 310 कर दी गई है। इस बार ओडिशा में कालाहांडी और सुंदरगढ़ तथा पंजाब में साहिबजादा अजीत सिंह नगर को सूची में शामिल किया गया है। वहीं, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के कुछ शहरों को हटा दिया गया है। हटाए गए शहरों में हिसार, खंडवा और आसनसोल शामिल हैं।

इसके अलावा सिंगापुर, कुआलालंपुर, लागोस, वॉशिंगटन डीसी और म्यूनिख सहित कुछ अंतरराष्ट्रीय परीक्षा केंद्रों को भी इस बार सूची से हटा दिया गया है।

बिहार में परीक्षा केंद्रों के लिए पटना, आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, बिहारशरीफ, दरभंगा, गयाजी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, समस्तीपुर और सारण को शामिल किया गया है।

जेईई मेन 2027 सेशन-1 के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 अक्टूबर से शुरू हो चुके हैं। बिना लेट फीस आवेदन करने की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा का आयोजन जनवरी 2027 में किया जाएगा।

एनटीए ने आवेदन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को अपने स्वयं के डिजिलॉकर, जन परिचय या ई-प्रमाण अकाउंट का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य भविष्य में बायोमेट्रिक और दस्तावेज सत्यापन के दौरान होने वाली परेशानियों से बचना है।

एजेंसी ने आवेदन पत्र भरने से पहले डिजिलॉकर पर री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह भी दी है, ताकि सिस्टम सही और अपडेटेड जानकारी स्वतः प्राप्त कर सके। इसके साथ ही आवेदन पत्र में दर्ज उम्मीदवार का नाम, माता-पिता का नाम और जन्मतिथि कक्षा दसवीं के प्रमाणपत्र या मार्कशीट में दर्ज विवरण से पूरी तरह मेल खाने चाहिए। एनटीए के अनुसार, आवेदन में छोटी-सी गलती भी फॉर्म रद्द होने का कारण बन सकती है।

परीक्षा शहरों की संख्या में कटौती, केंद्र चयन के नए प्रतिबंध और दस्तावेजों के सत्यापन से जुड़े निर्देशों के बाद जेईई मेन 2027 के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन करते समय सभी जानकारियों और परीक्षा शहरों के विकल्पों की सावधानीपूर्वक जांच करना महत्वपूर्ण हो गया है।