सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली भड़काऊ सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ डीग पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस संबंध में पुलिस ने आमजन को चेतावनी जारी करते हुए सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट या साझा करने से बचने की अपील की है।

डीग पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाहें फैलाना, भड़काऊ पोस्ट करना तथा सामाजिक भावनाओं एवं आपसी सद्भाव को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री साझा या अपलोड करना दंडनीय अपराध है। इसमें पोस्ट, कमेंट, फोटो और वीडियो सहित अन्य प्रकार की सामग्री शामिल है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और संभावित प्रभाव के बारे में दो बार अवश्य सोचें। बिना सोचे-समझे किसी भी सामग्री को शेयर करना कानूनन परेशानी का कारण बन सकता है।

डीग पुलिस ने सभी सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से जिम्मेदारी के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने और अफवाहों तथा भड़काऊ सामग्री को फैलाने से बचने की अपील की है। पुलिस की इस सतत निगरानी का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक भावनाओं और सद्भाव को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों पर नजर रखना है।

Tags: