डीग, 27 नवंबर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से समान पात्रता परीक्षा (सीनियर सेकेंडरी स्तर)-2026 का आयोजन 1 दिसंबर से 3 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित होगी। इसके लिए प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा से संबंधित सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया है।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं समन्वयक अधिकारी देवेंद्र सिंह परमार ने बताया कि परीक्षा की प्रथम पारी प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा द्वितीय पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी।

उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी और संवाद की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 27 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक जिला कार्यालय में कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा।

अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों की जानकारी, परीक्षा की समय-सारणी, प्रवेश-पत्र और अन्य आवश्यक सूचनाएं प्राप्त करने के लिए कंट्रोल रूम नंबर 05641-294005 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम प्रभारी प्रेमचन्द, व्याख्याता के मोबाइल नंबर 7597756781 पर भी संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।

Tags: