डीग में जलभराव, खराब सड़क और बिजली व्यवस्था पर महिला कांग्रेस का ज्ञापन, समाधान नहीं हुआ तो होगा धरना
डीग में जिला महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष एडवोकेट स्वेता यादव ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर धोबी मोड़ से लाल कोठी तक जलभराव, खराब सड़क, सफाई, फॉगिंग और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। चेतावनी दी कि समाधान नहीं होने पर मोहल्लेवासियों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
तस्वीर में डीग उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव और अन्य स्थानीय लोग खड़े नजर आ रहे हैं।
डीग। 4 अगस्त को जिला महिला कांग्रेस कमेटी डीग की जिलाध्यक्ष एडवोकेट स्वेता यादव ने मंगलवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचकर विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में धोबी मोड़ से लाल कोठी तक हो रहे जलभराव, खराब सड़क तथा बिजली व्यवस्था की समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि बारिश होने और नियमित सफाई नहीं होने के कारण क्षेत्र में गंभीर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
एडवोकेट स्वेता यादव ने मांग की कि जलभराव की तत्काल निकासी कराई जाए। साथ ही खराब सड़क की मरम्मत कर आवागमन को सुचारु बनाया जाए। उन्होंने क्षेत्र में नियमित सफाई और फॉगिंग कराने की भी मांग की, ताकि बीमारियों की रोकथाम हो सके। इसके अलावा बिजली व्यवस्था में सुधार कर आमजन को राहत प्रदान करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
स्वेता यादव ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं का शीघ्र एवं स्थायी समाधान कराया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो मोहल्लेवासियों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान प्रभात, समंदर, रज्जो देवी, मयंक, नरेन्द्र सिंह, कपिल, सोनू, महेंद्र सिंह, डालचंद, जितेन्द्र, सागर और अमरसिंह भी मौजूद रहे।