तीसगांव की म्हाडा कॉलोनी में चोरी की घटना के बाद जांच करने पहुंची वाळूज पुलिस की टीम।

महाराष्ट्र के तीसगांव स्थित म्हाडा कॉलोनी में चोरों ने एक ही रात में छह बंद फ्लैट और रो-हाउस को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले शातिर चोरों ने मंगलवार मध्यरात्रि को ‘राज स्वप्नपूर्ती अपार्टमेंट’ में धावा बोला और दरवाजों की कुंडियां काटकर घरों में चोरी की। लगातार हुई छह वारदातों से पूरे परिसर में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार मध्यरात्रि को चोर अपार्टमेंट की सुरक्षा दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने बाहरगांव गए रहवासियों के बंद मकानों को निशाना बनाया और कटर की मदद से दरवाजों की कुंडियां काटकर घरों में प्रवेश किया।

डी-1 इमारत में रहने वाले शानसिंह भाटी अपने परिवार के साथ पुणे गए हुए थे। उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने घर की अलमारी से 3 ग्राम सोने की बालियां और 3 हजार रुपये नकद चुरा लिए। इसी इमारत में स्थित खाली फ्लैट नंबर डी-103 का ताला भी तोड़ा गया, हालांकि वहां चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा।

इसके बाद चोरों ने डी-2 इमारत के फ्लैट नंबर 112 को निशाना बनाया। यहां रहने वाले अनिल लकारे बाहरगांव गए हुए थे। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर बच्चों की गुल्लक में जमा 5 से 6 हजार रुपये और 10 ग्राम की चांदी की दो अंगूठियां चुरा लीं।

इसके अलावा बी-203 नंबर के रो-हाउस में रहने वाले साठे परिवार, डी-1 इमारत के फ्लैट नंबर 114 में रहने वाले जोशी परिवार और डी-2 इमारत के फ्लैट नंबर 104 में रहने वाले शेळके परिवार के बंद घरों की कुंडियां भी काट दी गईं। इन सभी परिवारों के बाहर होने के कारण चोरी गए सामान का वास्तविक आकलन उनके लौटने के बाद ही हो सकेगा।

एक ही अपार्टमेंट में सिलसिलेवार छह घरों में सेंधमारी की घटनाएं सामने आने के बाद एमआईडीसी वाळूज पुलिस थाने की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर तीन संदिग्ध चोर कैमरे में कैद दिखाई दिए।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी है। एक ही रात में छह बंद घरों को निशाना बनाए जाने की इस वारदात ने म्हाडा कॉलोनी के रहवासियों की चिंता बढ़ा दी है।