दिल्ली की कड़कड़डूमा अदालत का मुख्य द्वार, जहां से 50 हजार के इनामी सट्टा किंग विनय कुमार राय ने वकील के चैंबर से पुलिस को फोन कर सरेंडर किया।

दिल्ली के एक बड़े मामले में सट्टा किंग कहे जाने वाले आरोपी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके अपनी गिरफ्तारी दी है। हैरानी की बात यह है कि उसने यह फोन कड़कड़डूमा कोर्ट में एक वकील के चैंबर से किया था। मंगलवार शाम 4:19 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल आई थी, जिसमें कॉलर ने बताया कि उस पर एक एफआईआर दर्ज है जिसके बारे में उसे कुछ नहीं पता और उसे वॉन्टेड किया गया है। उसने पुलिस को सूचना दी कि वह कड़कड़डूमा कोर्ट में वकील के चैंबर में मौजूद है और वहां पुलिस भेजी जाए।

जांच में इस कॉलर की पहचान मंडावली के 'सट्टा किंग' विनय कुमार राय (37) के रूप में हुई। वह प्रीत विहार थाने में 25 मार्च को दर्ज एक एनडीपीएस (NDPS) केस में वॉन्टेड चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सूत्रों के मुताबिक, विनय कई महीनों से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। एक अखबार में खबर छपने के बाद उसने सरेंडर के लिए कुछ 'करीबी' पुलिसवालों से संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। आखिरकार एक 'अफसर' की सलाह पर उसने वकील के चैंबर से पीसीआर कॉल कर सरेंडर किया।

पुलिस पूछताछ में एक आरोपी महिला रजिया ने खुलासा किया था कि विनय राय उसका मुंहबोला भाई है और वह वर्ष 2023 से उसके ड्रग्स के कारोबार को फाइनेंस कर रहा था। जांच के दौरान विनय की पत्नी रिचा और रजिया के बीच भारी मात्रा में ऑनलाइन लेन-देन होने का भी खुलासा हुआ है। विनय और उसकी पत्नी रिचा की अग्रिम जमानत याचिकाएं सेशन कोर्ट से लेकर हाई कोर्ट तक खारिज हो चुकी थीं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विनय की यह गिरफ्तारी इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ दर्ज एनडीपीएस मामले के तहत हुई है। इसके अलावा, प्रीत विहार थाने में 24 सितंबर को विनय के क्राइम सिंडिकेट के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) का मामला भी दर्ज किया गया था। इस मामले में बाद में उसकी गिरफ्तारी की जाएगी और उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार किया जा सकता है।