बेंगलुरु में पत्नी समेत 7 की हत्या: कैब ड्राइवर इंदु शेखर गिरफ्तार
घरेलू विवाद के चलते कैब ड्राइवर इंदु शेखर ने हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने 7 साल के मासूम का शव बरामद किया, बाकी 6 शवों की तलाश जारी है।
बेंगलुरु में पत्नी समेत 7 लोगों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कैब ड्राइवर इंदु शेखर।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सात लोगों की हत्या के सनसनीखेज मामले ने पुलिस को भी चौंका दिया है। एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी समेत उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की पहचान इंदु शेखर के रूप में की है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और पारिवारिक तनाव को सामूहिक हत्याकांड की वजह माना जा रहा है। राजाजीनगर से जुड़े इस मामले का खुलासा गुरुवार देर रात आरोपी से पूछताछ के दौरान हुआ।
पुलिस के मुताबिक, इंदु शेखर अपनी पत्नी सुनीता से नाराज रहता था। उसे लगता था कि सुनीता अपने मायके वालों की बात को उससे ज्यादा महत्व देती है। आरोपी जब भी अपनी सास और सालों से पत्नी की शिकायत करता था, तो वे सुनीता का पक्ष लेते थे। इसी बात को लेकर उसके मन में लगातार नाराजगी बढ़ती गई और मामला सात लोगों की हत्या तक पहुंच गया।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, इस हत्याकांड में आरोपी की पत्नी सुनीता, सास रुपवती, दो साले शिवकुमार और शंकर, उनकी पत्नियां दिव्या और नलिनी तथा शिवकुमार का सात वर्षीय बेटा पुनीत शामिल हैं।
आरोप है कि इंदु शेखर ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की। इसके बाद उसने पार्टी के बहाने दोनों सालों को घर बुलाया और उनकी भी हत्या कर दी। फिर परिवार के अन्य सदस्यों को निशाना बनाया। पुलिस को आशंका है कि हत्याओं को अंजाम देने के लिए सिलबट्टे का इस्तेमाल किया गया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि सभी हत्याओं के बाद आरोपी ने शवों को अपनी कार में रखा और अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। वारदात के बाद घटनास्थल पर बिखरे खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किए जाने का भी शक है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस पूरे मामले का खुलासा श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक गुमशुदगी की शिकायत के बाद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी के बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस का संदेह गहरा गया। इसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें सात लोगों की हत्या किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, अब तक सात वर्षीय पुनीत का ही शव बरामद किया जा सका है। नंदी हिल्स की तलहटी के पास करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाने के बाद उसका शव मिला। बाकी छह शवों की तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस आरोपी इंदु शेखर से पूछताछ कर रही है। सात लोगों की हत्या, शवों को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने की आशंका को लेकर जांच का दायरा बढ़ाया गया है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाने में लगी है, जबकि छह शवों की बरामदगी अब भी जांच की सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।