बिहार के अररिया जिले के पलासी थाने का परिसर, जहां मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई।

अररिया: बिहार के अररिया जिले के पलासी प्रखंड क्षेत्र में दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और साइबर अपराध का गंभीर मामला सामने आया है। गांव के ही एक युवक पर चाकू का भय दिखाकर विवाहिता के साथ जबरन दुष्कर्म करने, उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचने और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये वसूलने का आरोप है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर पलासी थाना पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता के पति आजीविका चलाने के लिए परदेस में रहते हैं। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर गांव का रहने वाला ऋषि कुमार मंडल पिछले करीब दो वर्षों से महिला का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। करीब एक वर्ष पूर्व एक रात जब महिला खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने गई, तभी आरोपी चुपके से उसके घर में घुस गया।

आरोप है कि आरोपी ने चाकू की नोक पर महिला को भयभीत कर चुप करा दिया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने अपने मोबाइल फोन से महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच लीं। इसके बाद आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वह तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल कर देगा। इस धमकी के सहारे आरोपी लगातार महिला को डराता-धमकाता रहा और उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी की मां जैमन देवी से इस घटना की शिकायत की, तो उसने बेटे का पक्ष लेते हुए महिला के साथ दुर्व्यवहार किया और उसे घर से भगा दिया। इसके बाद आरोपी ने आपत्तिजनक तस्वीरें डिलीट करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। लोक-लाज के डर से पीड़िता ने किसी तरह आरोपी को 50 हजार रुपये दे दिए।

हालांकि, रकम लेने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। करीब तीन माह पूर्व उसने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। इस पर महिला ने जब विरोध जताया तो आरोपी फोन पर उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। साथ ही उस पर आत्महत्या करने का दबाव भी बनाने लगा।

लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने पलासी थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। उसकी लिखित शिकायत और बयान के आधार पर पुलिस ने ऋषि कुमार मंडल तथा उसकी मां जैमन देवी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज की।

मामले की पुष्टि करते हुए पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषि कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं को लेकर भी गहन अनुसंधान कर रही है।