चित्तौड़गढ़: पारसोली में ट्रेलर की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत
पारसोली रेलवे स्टेशन के पास अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक और पिकअप को मारी टक्कर, हादसे में तीन महिलाएं घायल और एक गाय की भी मौत।
पारसोली रेलवे स्टेशन के पास ट्रेलर की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई पिकअप को हटाती क्रेन और हादसे में जान गंवाने वाले मोहन लाल (बाएं) व लालूराम (दाएं)।
समीपवर्ती रेलवे स्टेशन पारसोली के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने भयावह हादसे को अंजाम देते हुए बाइक सवार दो व्यक्तियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेलर ने पास में खड़ी पिकअप को भी टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार बस्सी तहसील क्षेत्र के सेमलपुरा निवासी मोहन लाल (70) पुत्र नारायण लाल धाकड़ की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं सोनगर निवासी लालूराम पुत्र काशीराम धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद चितौड़गढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दोनों मृतक रिश्ते में साडू लगते थे और सामाजिक कार्यक्रम से घर लौट रहे थे।
हादसे के दौरान ट्रेलर की टक्कर से पास में खड़ी पिकअप वाहन भी चपेट में आ गई, जिससे उसकी ट्रॉली पलट गई। इस दौरान मौके पर मौजूद पैदल यात्रियों में से कुछ लोग भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन महिलाएं घायल हो गईं, जबकि एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की गंभीर चेतावनी के रूप में सामने आया है।