सचिन पायलट पर टिप्पणी: कांग्रेस ने फूंका भाजपा प्रभारी का पुतला

राधा मोहन दास अग्रवाल द्वारा सचिन पायलट के खिलाफ अमर्यादित बयानबाजी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।

Update: 2026-05-01 07:30 GMT

राजस्थान में भाजपा प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल की टिप्पणी के विरोध में सचिन पायलट के समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराते हुए।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के खिलाफ अमर्यादित बयानबाजी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। विरोधस्वरूप कांग्रेस जनों ने भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल का पुतला फूंकते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और उनके बयान के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राधा मोहन दास अग्रवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की। पूरे घटनाक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। विरोध प्रदर्शन के तहत अग्रवाल का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया गया।

इस मौके पर संदीप शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी-अपनी पार्टी की विचारधारा पर बोलने और उसका प्रचार-प्रसार करने की स्वतंत्रता है, लेकिन प्रत्येक नेता को अपनी वाणी पर संयम रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विपक्षी व्यक्ति पर अनर्गल टिप्पणी या अमर्यादित भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। संदीप शर्मा ने आगे कहा कि सचिन पायलट पूरे राजस्थान में जन-जन के नेता हैं और कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ आम जनता एवं युवा वर्ग में अत्यंत लोकप्रिय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पायलट की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर भाजपा प्रभारी द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी की गई है, जो एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।

उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान की जनता संवेदनशील है और संयमित व मर्यादित भाषा को प्राथमिकता देती है, इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता इस टिप्पणी का विरोध करते हुए राधा मोहन दास अग्रवाल से सार्वजनिक माफी की मांग करते हैं।

प्रदर्शन में सुमंत सुवालका, जाकिर हुसैन, विजय चौहान, विजय चौधरी, विनोद लढ्ढा, कन्हैया लाल माली, अशोक वैष्णव, देवराज साहू, सुमित मीणा, संदीप सिंह, राजू खटीक, अंकुश आदिवाल, राजेश चावला, महेंद्र राठौर, शैलेंद्र सिंह चुडावत, अल्पेश गोस्वामी, आदित्य चावला, अमन खान, जय पारिक, रोहित बोरीवाल, मोहम्मद हारून, अंकुश जैन, संजय शर्मा, छवि देशबंधु, अजय गुर्जर, रफीक खान चंदेरिया, पंकज उपाध्याय, प्रदीप सेन, फिरोज खान, सद्दाम पठान सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस विरोध प्रदर्शन ने प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मियों को तेज कर दिया है और नेताओं की बयानबाजी को लेकर बढ़ती संवेदनशीलता को भी उजागर किया है।

Similar News