तस्वीर में नितिन स्पिनर्स लिमिटेड के अधिकारी और कर्मचारी बेगूं उपखंड क्षेत्र की ठकुराई ग्राम पंचायत में आयोजित पौधारोपण अभियान के दौरान पौधों के पास खड़े नजर आ रहे हैं।

बेगूं उपखंड क्षेत्र में संचालित नितिन स्पिनर्स लिमिटेड ने बुधवार को उपखंड अधिकारी अंकित सांवरिया के मुख्य आतिथ्य में पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के तहत ठकुराई ग्राम पंचायत की चारागाह भूमि पर संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने करीब 100 छायादार पौधों का रोपण किया।

कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी अंकित सांमरिया ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।

संस्थान के प्रेसिडेंट संदीप गर्ग ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत बेगूं एवं आसपास के क्षेत्रों में सितंबर माह के अंत तक 3 हजार छायादार पौधे लगाने एवं वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखते हुए ही औद्योगिक विकास संभव है। वृक्ष लगाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है और स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

इस अवसर पर संस्थान के महाप्रबंधक (कार्मिक) अजय शर्मा, राजेश माथुर, अरविंद सिंह राठौड़ सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ अधिकाधिक वृक्षारोपण को बढ़ावा देना और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यापक स्तर पर पौधारोपण एवं पौधों का वितरण करना है।

Tags: