आकोला। आकोला नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनने के बाद अब भूपालसागर पंचायत समिति में भी कांग्रेस का प्रधान बनना लगभग तय हो गया है। पंचायत समिति की 15 सीटों में से 9 पर जीत हासिल कर कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है। इसके साथ ही पिछले 21 साल से पंचायत समिति पर कायम भाजपा के कब्जे का अंत होने जा रहा है। लगातार तीन चुनाव में पिछड़ने के बाद कांग्रेस ने इस बार वापसी करते हुए प्रधान पद पर अपना दावा मजबूत कर लिया है।

इस जीत के पीछे पूर्व प्रधान एवं कांग्रेस नेता भगवती लाल हिंगड़ की रणनीति को अहम माना जा रहा है। आकोला क्षेत्र में चुनाव प्रभारी हिंगड़ को 8 सीटों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिनमें से 6 सीटों पर वे कांग्रेस का दबदबा कायम रखने में सफल रहे। उनके नेतृत्व में टिकट वितरण से लेकर चुनाव प्रचार तक की रणनीति तैयार की गई। गांवों में उनके प्रभाव को मतों में बदलने में कांग्रेस कामयाब रही और पार्टी ने बहुमत के साथ जीत दर्ज की।

हिंगड़ के नेतृत्व में इससे पहले आकोला नगरपालिका चुनाव में भी कांग्रेस ने प्रचंड बहुमत हासिल कर बोर्ड बनाया था। इस चुनाव में प्रकाश रेगर को अध्यक्ष और अनिल कुमार सहलोत को उपाध्यक्ष बनवाया गया। अब भूपालसागर पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान बनाने की कवायद शुरू हो गई है।

पूर्व प्रधान एवं समाजसेवी कांग्रेस नेता भगवती लाल हिंगड़ के साथ प्रदेश कांग्रेस सचिव ललित बोरीवाल और ब्लॉक अध्यक्ष पुरुषोत्तम टांक की सक्रिय भूमिका भी इस चुनाव में महत्वपूर्ण रही। इनके नेतृत्व में कांग्रेस के सभी 9 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। हिंगड़ पूर्व में कई बार सरपंच, जिला परिषद सदस्य और भूपालसागर पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं। आकोला निवासी हिंगड़ के नेतृत्व में हाल ही में नवगठित आकोला नगरपालिका में भी कांग्रेस को बहुमत मिला था।

पंचायत समिति में स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सभी विजयी प्रत्याशियों को बाड़ाबंदी में लेकर प्रधान पद के लिए रायशुमारी कर रहे हैं। पार्टी के सामने अब प्रधान पद के उम्मीदवार का चयन करने की चुनौती है। बाड़ाबंदी के बाद होने वाली रायशुमारी और आलाकमान के फैसले से तय होगा कि प्रधान पद की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी।

प्रधान पद की दौड़ में राणावत को हराने वाले मोहनलाल जाट और अन्य नामों को लेकर भी चर्चा चल रही है। वर्ष 2015-16 में उदयपुर जिला एनएसयूआई अध्यक्ष रहे मोहनलाल जाट छात्र राजनीति से सक्रिय रहे हैं। उन्होंने मोहनलाल सुखाड़िया में कई साथियों को अध्यक्ष और सचिव बनवाया। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के करीबी प्रदीप चौधरी ने भी क्षेत्र में सबसे बड़ी जीत हासिल की है।

वहीं, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मोहनलाल जाट ने सामान्य वार्ड संख्या 7 में भाजपा के दिग्गज नेता, मंडल अध्यक्ष और निवर्तमान प्रधान हेमेंद्र सिंह राणावत को पराजित किया। उनकी इस जीत की क्षेत्र में चर्चा है। अब सभी विजयी सदस्यों की बाड़ाबंदी और रायशुमारी के बाद कांग्रेस आलाकमान प्रधान पद के लिए अंतिम निर्णय करेगा। आने वाली तारीख में ही स्पष्ट होगा कि भूपालसागर पंचायत समिति की कमान किसके हाथों में जाएगी।

Tags: