बावलास हत्याकांड: 10 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीणों ने SP को सौंपा ज्ञापन
| चित्तौड़गढ़ के राशमी थाना क्षेत्र के बावलास गांव में 15 नवंबर को वृद्धा भगवानी बाई की हत्या और लूटपाट के मामले में 10 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई। आक्रोशित ग्रामीणों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिसकर्मी और ग्रामीण सड़क पर एकत्र दिख रहे हैं जो हत्या मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी थाना क्षेत्र के बावलास गांव में वृद्धा की हत्या और लूटपाट की वारदात के 10 दिन बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं लगने से ग्रामीणों में आक्रोश है। मामले में अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार को समस्त ग्रामवासियों ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि 15 नवंबर की रात करीब 3 बजे बावलास निवासी भगवानी बाई पत्नी नारायणलाल अहीर अपनी बहन लेहरी बाई के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान 4-5 अज्ञात बदमाश घर में घुसे और लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया।
बदमाशों ने भगवानी बाई के हाथ-पैर बांध दिए और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद उनकी बहन लेहरी बाई को भी बदमाशों ने बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया और उनके साथ गंभीर मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद राशमी थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया तथा एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
ग्रामीणों का कहना है कि वृद्धा की हत्या और लूटपाट जैसी गंभीर वारदात को हुए करीब 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
इसी को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एसपी से राशमी थाना पुलिस को मामले में त्वरित कार्रवाई करने और वारदात में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश देने की मांग की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गांव में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।