निकुंभ के आशीर्वाद हनुमान मंदिर में पंचम पूर्णिमा मंगल महोत्सव, सैकड़ों भक्तों ने की सामूहिक वंदना
निकुंभ के श्री आशीर्वाद हनुमान मंदिर में पंचम पूर्णिमा मंगल महोत्सव पर अभिषेक, पूजन और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ हुआ।
तस्वीर में निकुंभ के श्री आशीर्वाद हनुमान मंदिर परिसर में अतिथि सत्कार समिति के सदस्य लाभार्थी परिवार और अन्य लोगों को बालाजी की तस्वीर भेंट कर सम्मानित करते हुए नजर आ रहे हैं।
निकुंभ कस्बे के बस स्टैंड स्थित श्री आशीर्वाद हनुमान मंदिर पर पंचम पूर्णिमा मंगल महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। श्रीराम सत्संग सेवा परिषद के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में लाभार्थी सुधा देवी कृष्णा एवं हनुष्का अग्रवाल परिवार की ओर से बालाजी के प्रातःकालीन अभिषेक, मंगल पूजन, पोशाक धारण, ध्वजा पूजन एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन करवाया गया।
परिषद के अध्यक्ष प्रेम सिंह सिसोदिया ने बताया कि मुख्य पुजारी अशोक दास वैष्णव ने बालाजी की महाआरती के पश्चात लाभार्थी परिवार एवं श्रद्धालु भक्तों का तिलक-वंदन किया। इस दौरान लाभार्थी परिवार को बालाजी की छवि एवं उपरना भेंट कर पंकज टेंट हाउस एवं श्रीयान इवेंट्स के रमेश चंद्र कर्मठ तथा अतिथि सत्कार समिति के नंदलाल सालवी, शांतिलाल पोरवाल, सवाई लाल, चुन्नीलाल एवं भेरूलाल ने अभिनंदन किया।
लाभार्थी परिवार की ओर से महाआरती के पश्चात भक्तों के लिए प्रसाद वितरण किया गया। वहीं, आगामी मंगल महोत्सव के लाभार्थी नंदकिशोर लोहार का भी परिषद की ओर से अभिनंदन किया गया।
महोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में सैकड़ों भक्तों ने बालाजी की आरती, स्तुति एवं भक्ति में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने सर्व मंगल की कामना को लेकर सामूहिक वंदना की। धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा।