चित्तौड़गढ़ में सहकारिता मंत्री के खिलाफ महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, फूंका पुतला
महिलाओं के प्रति अमर्यादित भाषा का आरोप लगाते हुए महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजस्थान के सहकारिता मंत्री को तुरंत बर्खास्त करने और सार्वजनिक माफी की मांग की।
चित्तौड़गढ़ के स्टेशन चौराहे पर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष यशोदा नरेंद्र पुरोहित और शहर अध्यक्ष रेणु कँवर राठौड़ के नेतृत्व में जुटी कार्यकर्ताओं ने राजस्थान के सहकारिता मंत्री द्वारा महिलाओं के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में शनिवार को प्रदर्शन कर उनका पुतला फूंका। (Image Reference: WhatsApp Image 2026-05-30 at 7.43.20 PM (1).jpeg)
महिलाओं के सम्मान और सामाजिक मर्यादाओं को ताक पर रखने वाले जनप्रतितिधियों के खिलाफ महिला कांग्रेस ने पूरी तरह मोर्चा खोल दिया है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह के दिशा-निर्देशानुसार शनिवार को चित्तौड़गढ़ के स्टेशन चौराहे पर गहरा आक्रोश देखने को मिला। यहाँ महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष यशोदा नरेंद्र पुरोहित के नेतृत्व तथा शहर अध्यक्ष रेणु कँवर राठौड़ की अध्यक्षता में जिले भर से जुटीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजस्थान के सहकारिता मंत्री के खिलाफ जोरदार और उग्र प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान आंदोलित महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सहकारिता मंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं के प्रति अत्यंत अमर्यादित, आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है। कार्यकर्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्री का यह कृत्य महिलाओं के सम्मान और सामाजिक मर्यादाओं के सर्वथा विरुद्ध है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस विवादित बयान को लेकर समूचे जिले की महिलाओं में व्यापक आक्रोश व्याप्त है।
स्टेशन चौराहे पर विरोध की कमान संभालते हुए जिला अध्यक्ष यशोदा नरेंद्र पुरोहित ने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा आधी आबादी के प्रति इस तरह की अपमानजनक और ओछी भाषा का प्रयोग कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए महिला कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक लगातार संघर्ष करती रहेगी और भविष्य में भी इस प्रकार की अमर्यादित घटनाओं के विरोध में पूरी ताकत से आवाज उठाती रहेगी। जिलाध्यक्ष पुरोहित ने गालीबाज मंत्री को तत्काल प्रभाव से पद से बर्खास्त करने की पुरजोर माँग उठाई। उन्होंने सरकार को कड़े लहजे में चेतावनी दी कि यदि महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयानों और व्यवहार पर तुरंत रोक नहीं लगी, तो इस आंदोलन को राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर तक और अधिक व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा।
घंटों चले इस उग्र प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सहकारिता मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनसे इस कृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग पर अड़ी रहीं। इस व्यापक विरोध कार्यक्रम में संपूर्ण चित्तौड़गढ़ जिले से भारी संख्या में आईं महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
इस दौरान विरोध प्रदर्शन में सफीना खान, गायत्री चौधरी, कालीबाई गुर्जर, लीला देवी माली, नानी बाई रेगर, पुष्पा जाट, मीनाक्षी जैन, सुशीला देवी रेगर, मधु गोस्वामी, ममता शर्मा, शमीना परवीन, दुर्गा जटिया, मुन्नीदेवी तेली, कुसुम मीणा, धापू देवी प्रजापत, वृत्तिका सालवी, गुड्डी देवी, शबनम बी, रुकैया बानू, संजू सालवी, नेहा सिंह, भगवती सालवी, सुमन, कविता, खुशी, निकिता, परवीन बानू, ज्योति माली, अर्चना खेरारु के साथ-साथ जिला उपाध्यक्ष नगेन्द्र सिंह राठौड़, अहसान पठान, शम्भूलाल प्रजापत, नवरतन जीनगर, परमेश्वर जाट, रविन्द्र सिंह, राजेन्द्र खोईवाल, नरेन्द्र कुमार पुरोहित, गोस मोहम्मद, हैप्पी बन्ना, शाहरुख खान, अंकुश सुराणा, अनिल माली, हर्षवर्धन सिंह, महेंद्र खेरारु, देवराज तेली, युवराज सिंह, रवि जायसवाल, भेरू गूर्जर, गोविंद कुमार सेन, खुर्शीद अहमद एवं चेतन सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। इस बड़े प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि नारी सम्मान के मुद्दे पर अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।