चित्तौड़गढ़: नए एसपी धर्मेंद्र सिंह ने संभाला पद, अपराधियों की अवैध संपत्ति फ्रीज करने के निर्देश

चित्तौड़गढ़ के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने पहली अपराध गोष्ठी में थानाधिकारियों को अवैध खनन और तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

Update: 2026-05-30 13:03 GMT

चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को आयोजित पहली अपराध समीक्षा बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश देते नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (दाएं से दूसरे) और अन्य पुलिसकर्मी।

निम्बाहेडा/चित्तौड़गढ़। जिले के नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में अपनी पहली अपराध गोष्ठी ली। इस उच्चस्तरीय बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने, अपराध से अर्जित उनकी अवैध संपत्तियों को फ्रीज करने तथा अवैध खनन पर कड़ी नजर रखने के दोटूक निर्देश दिए हैं। नव पदस्थापित एसपी के इस तेवर से साफ है कि जिले में अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्त अधिकारियों एवं थाना अधिकारियों का परिचय प्राप्त करते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में आदतन अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, स्थाई वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दोहरे लहजे में कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आर्थिक प्रहार को सबसे कारगार हथियार बताते हुए एसपी श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मादक पदार्थ तस्करी, अवैध हथियार, संगठित अपराध एवं अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों द्वारा अर्जित की गई अवैध संपत्तियों का चिन्हीकरण कर नियमानुसार उन्हें फ्रीज एवं जब्त करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्ति पर प्रहार करना अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने का प्रभावी माध्यम है। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने जिले में अवैध खनन की गतिविधियों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित थाना अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने तथा अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

विस्तृत समीक्षा के दौरान लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम, प्रभावी गश्त व्यवस्था, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। एएसपी श्री धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

इस महत्वपूर्ण पहली अपराध गोष्ठी में एएसपी चित्तौड़गढ़ मुकुल शर्मा, रावतभाटा के भगवत सिंह, समस्त डीएसपी, थानाधिकारी, एसपी ऑफिस के अपराध सहायक जोधाराम पुलिस निरीक्षक सहित कार्यालय की सभी शाखाओं के प्रभारी मौजूद थे। एसपी की इस पहली बैठक ने साफ कर दिया है कि चित्तौड़गढ़ जिले में अब अपराधियों के हौसले पस्त होने वाले हैं और पुलिस टीम भावना के साथ शांति व्यवस्था कायम करने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है।

Similar News