महिलाएं चित्तौड़गढ़ के बाजार से करवा चौथ पूजा के लिए करवे और सामान खरीद रही हैं।

चित्तौड़गढ़। सुहागिन महिलाओं का प्रमुख पर्व करवा चौथ आज पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर बुधवार को चित्तौड़गढ़ के बाजारों में महिलाओं की रौनक देखने को मिली। महिलाओं ने करवा और पूजा सामग्री की खरीदारी की। इस बार करवा चौथ की खरीदारी को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह नजर आया।

करवा चौथ पर सुहागिन महिलाएं दिनभर निर्जल व्रत रखकर पति की दीर्घायु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करेंगी। रात्रि लगभग 9 बजे चंद्र दर्शन के बाद चंद्रमा, शिव-पार्वती और कार्तिकेय की पारंपरिक रूप से पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद महिलाएं सबसे पहले चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित करेंगी और फिर पति के हाथों करवे में भरे जल का सेवन कर व्रत का उद्यापन करेंगी।

वहीं, नवविवाहिताएं भी चंद्र दर्शन के दौरान छलनी में पति का चेहरा देखकर स्वयं को सौभाग्यशाली होने की कामना करेंगी। इस अवसर पर सुहागिन महिलाएं नख-शिख सोलह शृंगार कर पूजा-अर्चना करेंगी और पति की लंबी उम्र की कामना करेंगी। साथ ही अपने बड़े-बुजुर्गों से आशीर्वाद भी लेंगी।

करवा चौथ के अवसर पर व्रत, चंद्र दर्शन, पारंपरिक पूजा-अर्चना और पति के हाथों जल ग्रहण करने की रस्मों के साथ महिलाएं अपने सुहाग की सलामती और पति की दीर्घायु की कामना करेंगी।

Tags: