चित्तौड़गढ़ में 'फाइट अगेंस्ट ड्रग्स' मोटरसाइकिल रैली की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह और उपस्थित अधिकारी।

चित्तौड़गढ़। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश लेकर निकाली जा रही ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ मोटर साइकिल रैली आज चित्तौड़गढ़ पहुंचेगी। गुजरात के एकतानगर में 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के तहत निकाली जा रही इस रैली में देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें भाग ले रही हैं। अजमेर से रवाना हुई रैली चित्तौड़गढ़ होते हुए उदयपुर की ओर प्रस्थान करेगी।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि रैली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल सहित विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस संगठनों के सदस्य शामिल हैं। रैली का मुख्य उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करना और युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

रैली के सफल आयोजन और व्यवस्थाओं की तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा सहित संबंधित पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में रैली के आगमन, स्वागत कार्यक्रम, निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमन को लेकर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए रैली के सुचारु एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सबसे पहले भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ सीमा पर रैली का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद पुलिस लाइन में अधिकारियों की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित होगा। पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ विषय पर संवाद कार्यक्रम भी होगा। कार्यक्रम के दौरान अल्पाहार के बाद मोटर साइकिल रैली पुलिस लाइन से विजय स्तंभ तक पहुंचेगी। विजय स्तंभ, दुर्ग चित्तौड़गढ़ से रैली को फ्लैग ऑफ किया जाएगा। इसके बाद रैली दुर्ग चित्तौड़गढ़ से उदयपुर जिले के लिए रवाना होगी।

जिला पुलिस की ओर से रैली के स्वागत, सुरक्षा, यातायात नियमन और सुचारु आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। संबंधित अधिकारियों को रैली के निर्धारित मार्ग और कार्यक्रम स्थलों पर समुचित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

रैली के दौरान नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा। युवाओं और आमजन को नशे की लत से होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा। राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत आयोजित यह पहल नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने और स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है।

Tags: