चित्तौड़गढ़ जिले के शिक्षण संस्थान में विशेष पंजीकरण अभियान और स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा लेते विद्यार्थी।   

चित्तौड़गढ़ जिले में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. राजेश्वर सिंह के निर्देशों की अनुपालना में जिला स्वीप टीम ने गुरुवार को एमपीपीजी महाविद्यालय और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बस्सी में विशेष पंजीकरण एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के माध्यम से नवमतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और उन्हें अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देशानुसार आयोजित इन कार्यक्रमों का संचालन जिला स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक तथा जिला सहायक स्वीप प्रभारी अधिकारी जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, मतदान के महत्व को समझने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।

एमपीपीजी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला सहायक स्वीप प्रभारी भरत कुमार लढ्ढा ने विद्यार्थियों को मतदाता शपथ दिलाई और लोकतंत्र में मतदान की भूमिका की जानकारी दी। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. भारती मेहता, प्रो. भरत वैष्णव, प्रो. संजू बालोत, डॉ. गोपाल गुर्जर और डॉ. नमिता वाजपेयी सहित अन्य शिक्षक एवं जिला स्वीप टीम के सदस्य मौजूद रहे।

इस अवसर पर ईएलसी प्रभारी मोहित, विद्या कंवर, सह प्रभारी मीनाक्षी चौधरी, महिपाल दान, सुमन, नारायण शर्मा, देवीचरण पचौरी, अल्का कोठारी, विनीता काबरा, रेणु काबरा, गंगा बुनकर और अनुसूया डांगी सहित अन्य उपस्थित रहे।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बस्सी में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वीप गतिविधियों और मतदान के महत्व से अवगत कराया गया। विद्यालय परिसर में रंगोली के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया, जबकि नवमतदाता विद्यार्थियों का ऊपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में पारस टेलर ने स्वीप गीत के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। छात्राओं कौशल्या कुमावत और सुमन धाकड़ ने भाषण के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम प्रभारी कमलेश सहलोत ने विद्यार्थियों को मतदान की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर अतिरिक्त विकास अधिकारी कमलेश सहलोत, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंभूलाल सोमानी, एससीबीओ सुनीता शर्मा, व्याख्याता रेखा चौधरी और राजेंद्र व्यास उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य सतीश कुमार ने कार्यक्रम की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन पारस टेलर ने किया। जिला स्वीप टीम के पंकज काकड़ा और अंकुर कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

विशेष अभियान के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़ ने ऑनलाइन पंजीकरण और मतदाता जागरूकता गतिविधियों पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले के सभी संबंधित विद्यालयों और महाविद्यालयों से अभियान को गंभीरता से संचालित करने तथा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के अधिकाधिक पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियों और पंजीकरण प्रयासों के माध्यम से नवमतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Tags: