बड़ी सादड़ी में मतदाता जागरूकता अभियान तेज, भुरकिया कला में विद्यार्थियों ने निकाली वोट कलश यात्रा
बड़ी सादड़ी के भुरकिया कला और चंद्रा खेड़ी में विद्यार्थियों ने वोट कलश यात्रा निकालकर मतदान का संदेश दिया। स्वीप टीम 14 और 16 नवंबर 2026 के चुनावों से पहले 160 राजस्व गांवों में मतदाता जागरूकता और शत-प्रतिशत मतदान के लिए अभियान चला रही है।
बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के भुरकिया कला में पंचायत आम चुनाव के तहत स्वीप टीम के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने वोट कलश यात्रा निकालकर ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
बड़ी सादड़ी में पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप टीम लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में भुरकिया कला और चंद्रा खेड़ी में विद्यार्थियों ने वोट कलश शोभायात्रा निकालकर ग्रामीणों को मतदान का संदेश दिया। यात्रा के माध्यम से आगामी 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन और 16 नवंबर 2026 को पंच-सरपंच चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की गई।
स्वीप टीम ने ग्रामीणों को संदेश दिया कि सारे काम छोड़कर सबसे पहले मतदान करें। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने ‘वोट हमारी जिम्मेदारी’, ‘बाई बापू ने केनो है वोट सबने देना है’ और ‘ना नोट से, ना दारू से, वोट देना आत्मा की आवाज से’ जैसे नारों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया। टीम ने ग्रामीणों से संपर्क कर शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस दौरान ‘आपणों वोट लोकतंत्र रो प्राण है, इसका जरूर दान करो’, ‘सुनो रे भाईडा वोट जरूर दिजो’ और ‘वोट अपनों अधिकार है, वोट देनों अपनों धर्म है’ जैसे संदेश भी दिए गए।
स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत अब तक सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्थित विद्यालयों सहित दर्जनों अन्य विद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से मतदाताओं को जागरूक किया गया है। इसके अलावा गांवों की चौपालों पर रैलियां आयोजित की गई हैं। विद्यार्थियों के माध्यम से रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल, पोस्टर प्रतियोगिता और तिरंगा यात्रा जैसे कार्यक्रम भी किए गए हैं।
अभियान के तहत नव मतदाताओं का अभिनंदन, गरबा महोत्सव के दौरान जागरूकता कार्यक्रम, नवरात्र में जवारा विसर्जन के अवसर पर मतदान की अपील, युवाओं से मतदान का आह्वान, ‘यूथ चला बूथ की ओर’ और गरबा माताजी विसर्जन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी मतदाताओं को प्रेरित किया गया है। बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के 160 राजस्व गांवों में स्वीप अभियान के तहत मतदान जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा चुका है।
स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत बड़ी सादड़ी उपखंड की सीमा से लगे डूंगला क्षेत्र के सीमावर्ती गांव भुरकिया कला और चंद्रा खेड़ी पहुंचे। यहां विद्यार्थियों ने वोट कलश शोभायात्रा के माध्यम से गांव की गलियों में भ्रमण कर मतदान का संदेश दिया। टीम ने ग्रामीणों से आगामी 14 और 16 नवंबर 2026 को होने वाले चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। स्वीप टीम की लगातार गतिविधियों से पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर मतदाताओं में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है।
टीम ने यह भी बताया कि जिन नागरिकों की उम्र अभी 18 वर्ष हुई है, उनके नाम संबंधित बूथ लेवल अधिकारी मतदाता सूची में जोड़ रहे हैं। अभियान के माध्यम से पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में पीछे नहीं रहने की अपील की गई। टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने ‘मत चुके मतदान’ का संदेश देते हुए मतदाताओं से मतदान अवश्य करने का आह्वान किया।
प्रवासी मतदाताओं को भी मतदान दिवस पर अपने गांव पहुंचने के लिए बुलावा और मनुहार करने की बात कही गई। टीम ने समझाया कि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रवासी मतदाताओं को प्रेरित करना और उनसे मतदान करवाने में सहयोग देना सभी की जिम्मेदारी है।
यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में तथा रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। अभियान में स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगदीश धाकड़ और सहयोगी खेमराज मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी का सानिध्य मिल रहा है।
प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की कवरेज का संकलन सतपाल धाकड़ कर रहे हैं। वहीं, टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू कीर, रामेश्वर मेघवाल और हुसैन अली लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों के संचालन में सहयोग दे रहे हैं। अभियान का उद्देश्य आगामी पंचायत चुनावों में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित कर लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाना है।