बीकानेर अधिवेशन में बड़ी सादड़ी के दीपक कंठालिया बने साधुमार्गी जैन समता युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष

बीकानेर में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में बड़ी सादड़ी के दीपक कंठालिया को साधुमार्गी जैन समता युवा संघ का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया। जानिए पूरी खबर।

Update: 2026-08-03 13:37 GMT

तस्वीर में बीकानेर में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान साधुमार्गी जैन समता युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कंठालिया समर्थकों के साथ मंच पर नजर आ रहे हैं।

बड़ी सादड़ी के युवा उद्यमी दीपक कंठालिया को रविवार को बीकानेर में आयोजित अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के राष्ट्रीय अधिवेशन में साधुमार्गी जैन समता युवा संघ का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया। घोषणा होते ही पूरा पांडाल हर्ष और जय-जयकार के उद्घोष से गूंज उठा।

राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के सभी राज्यों की प्रदेश इकाइयों के अध्यक्षों तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों की मौजूदगी में अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र गांधी ने दीपक कंठालिया को यह दायित्व सौंपा। संगठन में उनकी लगातार सक्रिय भूमिका तथा समाज के युवा वर्ग के हित में किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी प्रदान की गई।

दीपक कंठालिया द्वारा साधु-संतों की सेवा, युवा वर्ग को धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों से जोड़ने, देश के विभिन्न प्रांतों में प्रवास कर आध्यात्मिक अलख जगाने, समाज की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने, अन्नदान एवं रक्तदान शिविरों का आयोजन कराने, समाज के जरूरतमंद युवक-युवतियों और वृद्धजनों की सहायता करने, दीक्षा महोत्सव तथा जैन संस्कार शिविर आयोजित करवाने सहित किए गए कार्यों के मद्देनजर उन्हें साधुमार्गी जैन समता युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।

यह पहली बार है जब बड़ी सादड़ी के किसी युवक को साधुमार्गी जैन समता युवा संघ के राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी प्रदान की गई है, जिसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News