चित्तौड़गढ़ के आकोला थाना परिसर का दृश्य जहां ट्रांसफार्मर तेल चोरी का मामला दर्ज हुआ.   

चित्तौड़गढ़ जिले के आकोला थाना क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफार्मरों से तेल और तांबा चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया 251 लीटर तेल, वारदात में प्रयुक्त आल्टो कार, ड्रिल मशीन और अन्य औजार बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी और उसके गिरोह के सदस्यों ने क्षेत्र के करीब 60 ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने की बात स्वीकार की है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत आकोला थानाधिकारी श्यामा राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दिन के समय खेतों और सुनसान रास्तों पर लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों की रेकी करते थे। इसके बाद देर रात या तड़के अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रांसफार्मरों के निचले हिस्से में ड्रिल मशीन से छेद कर देते थे। इसके जरिए तेल निकालकर जरिकेनों में भर लिया जाता था और उसे चोरी कर ले जाते थे।

ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी होने के कारण कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो जाती थी। इससे विद्युत विभाग और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।

विद्युत विभाग (AVVNL) के कनिष्ठ अभियंता अनिरुद्ध सिंह द्वारा मामला दर्ज कराने के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सघन गश्त और चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान 23-24 अक्टूबर की रात आकोला से ताणा रोड पर गश्त कर रही पुलिस टीम ने एक संदिग्ध आल्टो कार को रुकवाया।

कार चालक पुलिस को देखकर घबरा गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें ट्रांसफार्मर के तेल से भरी जरिकेनें मिलीं। इसके बाद पुलिस ने पास के खेत में लगे ट्रांसफार्मर की जांच की। जांच में ट्रांसफार्मर के निचले हिस्से में ड्रिल मशीन से छेद किया हुआ पाया गया और उसमें से तेल टपक रहा था।

पुलिस ने मौके से कार चालक हकीम (46 वर्ष) पिता बशीर मोहम्मद, निवासी सिंहपुर (थाना कपासन) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया तेल, घटना में प्रयुक्त आल्टो कार (RJ 27 C 7772), ड्रिल मशीन और अन्य औजार बरामद किए गए।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी हकीम ने अपने अन्य साथियों लोकेश जाट निवासी सुरपुर, दिनेश जाट निवासी सुरपुर, प्रकाश भील निवासी सिंहपुर और शेरू बागरिया निवासी कपासन के साथ मिलकर ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, चोरी किया गया तेल उदयपुर रोड पर कीर की चौकी स्थित एक होटल पर बेचा जाता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी के मामलों में लिप्त रहे हैं और आदतन अपराधी हैं। गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों का भी खुलासा हो सकता है और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकेगा।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्यामा राम (पु.नि.), सउनि कालू सिंह, सउनि दुर्गाप्रसाद, कांस्टेबल पारसमल, रवि कुमार, अमन, अनिल एवं ड्रा. कांस्टेबल अमरपाल शामिल रहे।

Tags: