चित्तौड़गढ़ में भारत विकास परिषद की 100वीं पर्यावरण साइकिल रैली आयोजित
विश्व पर्यावरण दिवस पर भाविप द्वारा आयोजित रैली में सांसद सीपी जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या सहित भारी संख्या में आमजन ने भाग लिया।
चित्तौड़गढ़ के कलेक्ट्री चौराहे पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित भारत विकास परिषद की 100वीं पर्यावरण साइकिल रैली के शुभारंभ पर बैनर थामे अतिथि और नागरिक।
चित्तौड़गढ़। भारत विकास परिषद (भाविप) द्वारा वर्ष 2017 से प्रारंभ किया गया भगीरथ प्रयास वर्षों बाद आज एक ऐतिहासिक मुकाम पर अपनी 100वीं कड़ी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। भाविप ने चित्तौडगढ में पर्यावरण की अलख जगाकर सर्व समाज की विभिन्न संस्थाओं व संगठनों को एक साथ जोड़कर लोगों को जागरूक करनें में अत्यंत महती भूमिका निभाई है, जिसके तहत हमें भावी पीढ़ियों के लिये जल संरक्षण का कार्य हाथ में लेकर स्वच्छ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। यह दूरगामी विचार मुख्य अतिथि सांसद सी पी जोशी ने कलेक्ट्री चौराहे पर भारत विकास परिषद द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 100वीं पर्यावरण साइकिल रैली का गरिमामयी शुभारंभ करते हुए व्यक्त किये।
आयोजन के विशिष्ट अतिथि विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत विकास परिषद का यह पर्यावरण अभियान बेहद सराहनीय और अनुकरणीय है, प्रति माह अनवरत रूप से आयोजित होने वाली इस अनूठी रैली के माध्यम से हम सभी को अपनी जल, जमीन व जीवन बचाने के लिए प्रखरता से आगे आना होगा। इस भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खण्डेलवाल द्वारा की गई। कार्यक्रम के प्रारम्भ में क्षेत्रीय संयोजक पर्यावरण कमल जैन ने उपस्थित सभी अतिथियों व संभ्रांत नागरिकों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि भाविप द्वारा आज पूरे राजस्थान में पर्यावरण संकल्प व हस्ताक्षर का वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत राजस्थान दक्षिण प्रान्त में चित्तौड़गढ़ शाखा आज अपनी शतकीय पारी खेलने जा रही है और यह शतकीय आयोजन अपने आप में बेहद विशिष्ट है। इसके पश्चात अतुल सिसोदिया ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान रैली के प्रारम्भिक दिनों के संघर्षों व इसमें दिनेश खत्री के अतुलनीय योगदान को अत्यंत आदरपूर्वक याद किया। कार्यक्रम के दौरान शहर में हजारों पेड़ लगाकर पूरे शहर को प्रकृति से श्रंगारित करनें वाले परम पर्यावरण प्रेमी काबरा का मुख्य अतिथियों द्वारा भावभीना सम्मान किया गया।
इस ऐतिहासिक रैली के आगाज़ से पूर्व कलेक्ट्री चौराहे पर भारी संख्या में उमड़े शहरवासियों, समाजसेवी संस्थाओं व विभिन्न सामाजिक संगठनों की महा-सहभागिता से एक विशाल व अभूतपूर्व मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया, जिसके माध्यम से जैव विविधता को अक्षुण्ण बचाने के दृढ़ संकल्प के साथ प्रकृति का एक अभेद्य सुरक्षा चक्र निर्मित किया गया। प्रकृति के इस सुरक्षा चक्र में मुख्य रूप से सुनील ढिलीवाल, सुनील जागेटिया, रामनरेश डाड, अनिल इनाणी, सुधीर जैन, राजेन्द्र दोषी, सोहनलाल पोखरना, नवीन पटवारी, रजनीश खाब्या, मुकेश नाहटा, अभिषेक लोढा, एवन्त मेहता, रूपसिंह मेहता, तेज सिंह बाफना, चंद्रप्रकाश खटोड़, प्रकाश मुरोठिया, पीयूष अग्रवाल, माधव ईनाणी, गौरव जागेटिया, शांतिलाल भराडिया, राकेश मंत्री, प्रशांत काबरा, सीताराम मालीवाल, विनोद गौतम, राधेश्याम अमेरिया, ओम प्रकाश अमेरिया, अंबालाल श्रीमाल, कोमल पोखरना, नेमिचन्द अग्रवाल, राजेन्द्र पोखरना, महेंद्र जैन, नरेश जैन, सत्यनारायण काबरा, दिनेश काबरा, कैलाश न्याति, देव शर्मा, संजय श्रीश्रीमाल, अरूण खाब्या, ज्ञानचंद कावडिया, शशी सनाढ्य, इंद्रा काबरा एवं प्रियंका ढीलिवाल सहित वरिष्ठ नागरिक मंच, माहेश्वरी समाज, जैन समाज जेसीज, सी.ए संगठन, आचार्य तुलसी बहुउद्देशीय फ़ाउंडेशन महावीर मंडल, चित्तोडी आठम समिति, विश्व हिन्दू परिषद, महावीर सेवा संस्थान, क्रिडा भारती, महावीर नवयुवक मंडल तथा बिरला सीमेंट व हिंदुस्तान जिंक के उच्च अधिकारियों व कर्मचारियों सहित सैकड़ों की भारी संख्या में उपस्थित युवक, युवतियों व बच्चों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। यह विशाल रैली कलेक्ट्री चौराहा से अत्यंत उत्साह के साथ शुरू हुई जो सुभाष चौक, गोल प्याऊ चौराहा, खटीक मोहल्ला, ओछड़ी दरवाजा, गांधी नगर मुख्य मार्ग, कन्या महाविद्यालय, खरड़िया घाट, महाराणा प्रताप सेतु मार्ग, पोस्ट ऑफिस और रेलवे अंडर ब्रिज होते हुए सीधे वन विभाग परिसर में पहुँचकर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई, जहां अंत में परिषद के पदाधिकारियों, अतिथियों व आमजन द्वारा सामूहिक रूप से वृहद स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का एक अमिट संदेश दिया गया।