चित्तौड़गढ़ की बड़ी सादड़ी पंचायत समिति सभागार में पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत आयोजित कार्यशाला में प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया की जानकारी देते रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा और अन्य अधिकारी।

बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रस्तावित प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला पंचायत समिति मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रत्याशियों को नाम निर्देशन प्रक्रिया, आवेदन फॉर्म भरने में बरती जाने वाली सावधानियों और निर्धारित समय पर फॉर्म जमा कराने से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा ने नाम निर्देशन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने फॉर्म भरते समय आवश्यक सावधानियां रखने और नामांकन फॉर्म समय पर जमा कराने पर जोर दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि राजकीय अवकाश के दिन नामांकन फॉर्म जमा नहीं किए जा सकेंगे।

इस दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी भागीरथ मीणा, स्वीप प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा, नायब तहसीलदार सूर्य प्रकाश गाँछा, स्वीप प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यशाला में उपस्थित प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन प्रक्रिया से संबंधित अपनी शंकाएं और सवाल रखे। अधिकारियों ने उनका मौके पर ही समाधान किया। पंचायत आम चुनाव 2026 के मद्देनजर आयोजित इस कार्यशाला में नामांकन प्रक्रिया के नियमों और निर्धारित समयसीमा को लेकर प्रत्याशियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

Tags: