बड़ी सादड़ी में पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर स्वीप टीम के बैनर संग जागरूकता फैलाते विद्यार्थी।   

बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप टीम लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में राणावत खेड़ा और चारण खेड़ी के विद्यालयों में बाल विद्यार्थियों की रैली निकालकर ग्रामीणों को मतदान का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने गांव की गलियों में पहुंचकर आगामी 14 नवंबर 2026 और 16 नवंबर 2026 को होने वाले चुनावों में मतदान करने की अपील की। अभियान के दौरान मतदाताओं को लोकतंत्र में मतदान की अहमियत समझाते हुए शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान किया गया।

स्वीप टीम बड़ी सादड़ी के प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि उपखंड क्षेत्र की शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों पर स्थित विद्यालयों के साथ ही दर्जनों अन्य विद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से मतदाताओं को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा गांवों की चौपालों पर रैलियां, विद्यार्थियों की ओर से रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल, पोस्टर प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा, नवमतदाता अभिनंदन, गरबा महोत्सव में जागरूकता अभियान, नवरात्रा में ज्वारा विसर्जन के दौरान मतदान की अपील, युवाओं से मतदान का आह्वान, यूथ चला बूथ की ओर और गरबा माताजी विसर्जन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

इन गतिविधियों के माध्यम से बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के आम मतदाताओं को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन में 14 नवंबर 2026 और पंच-सरपंच चुनाव में 16 नवंबर 2026 को अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्वीप टीम मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाने का संकल्प भी दिला रही है। टीम के अनुसार, बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के 160 राजस्व गांवों तक स्वीप अभियान का संदेश पहुंच चुका है।

राणावत खेड़ा और चारण खेड़ी में विद्यार्थियों की रैली के माध्यम से ग्रामीणों से संपर्क कर शत-प्रतिशत मतदान की अपील की गई। इस दौरान स्थानीय भाषा में मतदाताओं को प्रेरित करते हुए कहा गया, "आपणों वोट लोकतंत रो प्राण है, इसका जरूर दान करो।" इसके साथ ही "सुनो रे भाईडा वोट जरूर दिजो" और "वोट अपनों अधिकार है, वोट देनों अपनों धर्म है" जैसे संदेशों के माध्यम से मतदान को अधिकार और जिम्मेदारी के रूप में प्रस्तुत किया गया।

अभियान के दौरान उन युवाओं पर भी ध्यान दिया गया, जिनकी उम्र अभी 18 वर्ष हुई है। टीम ने बताया कि संबंधित बूथ लेवल अधिकारी ऐसे नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ रहे हैं। युवाओं से अपील की गई कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में पीछे न रहें। स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने मतदाताओं से स्पष्ट शब्दों में कहा, "मत चुके मतदान।"

टीम ने प्रवासी मतदाताओं को भी मतदान दिवस पर अपने गांव आने के लिए आमंत्रित करने और मनुहार के साथ बुलाने की जरूरत पर जोर दिया। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को समझाया जा रहा है कि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। मतदाताओं को यह संदेश दिया जा रहा है कि मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करना और लोगों को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्वीप टीम का अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में चल रहा है। यह अभियान रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व तथा स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगदीश धाकड़ के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इसमें सहयोगी खेमराज मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी का सानिध्य मिल रहा है।

अभियान से जुड़ी गतिविधियों की समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कवरेज के संकलन की जिम्मेदारी सतपाल धाकड़ पूरी मुस्तैदी से निभा रहे हैं। टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू कीर, रामेश्वर मेघवाल और हुसैन अली भी लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों के आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।

बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र की सीमा से लगे डूंगला क्षेत्र के सीमावर्ती गांव भुरकिया कला और चंद्रा खेड़ी में भी स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत पहुंचे। यहां विद्यार्थियों ने वोट कलश शोभायात्रा निकालकर गांव की गलियों में मतदान का संदेश दिया। ग्रामीणों से संपर्क कर 14 नवंबर 2026 और 16 नवंबर 2026 को होने वाले चुनावों में मतदान करने की अपील की गई। स्वीप टीम के लगातार दौरों और विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के बीच पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर क्षेत्र में मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का अभियान जारी है।

Tags: