पुलिस थाना साड़ास ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 132 किलो 630 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा से भरी किया सेल्टोस कार जब्त की है। नाकाबंदी के दौरान कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों में फरार हुए दो तस्करों की तलाश के बीच पुलिस ने कार को एस्कॉर्ट करने वाले आरोपी बन्टी बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेण्डर प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए अति. पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक गंगरार उदयसिंह चुण्डावत के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।

19 अगस्त 2026 को थानाधिकारी सोनाली शर्मा के नेतृत्व में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान दो तस्कर एक कार को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए झाड़ियों में भाग गए। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर उनकी तलाश के काफी प्रयास किए, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

इसके बाद पुलिस ने किया सेल्टोस कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 132 किलो 630 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने अवैध अफीम डोडाचूरा सहित किया सेल्टोस कार को जब्त कर लिया।

कार को एस्कॉर्ट करने वाले आरोपी बन्टी पुत्र शम्भुलाल बंजारा, उम्र 21 साल, निवासी कुंवालिया का खेड़ा, पुलिस थाना साड़ास, जिला चित्तौड़गढ़ को मौके पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एस्कॉर्टिंग में प्रयुक्त हीरो स्प्लेण्डर प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की।

आरोपी बन्टी बंजारा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर अनुसंधान जारी है। वहीं, कार छोड़कर फरार हुए दोनों तस्करों की तलाश में पुलिस के प्रयास जारी हैं।

Tags: