वर्ल्डहोटल्स का नया लॉयल्टी प्रोग्राम 5 जनवरी 2027 से होगा लागू, 4,000 से अधिक होटल जुड़ेंगे
| वर्ल्डहोटल्स 5 जनवरी 2027 को नया लॉयल्टी प्रोग्राम लॉन्च करेगा। 100 से अधिक देशों के 4,000 से ज्यादा होटल और 7 करोड़ सदस्य इससे जुड़ेंगे। जानें ब्रॉन्ज, सिल्वर और गोल्ड टियर के लाभ, बोनस पॉइंट्स और लाइफटाइम स्टेटस की सुविधाएं।
होटल रिसेप्शन डेस्क पर वर्ल्डहोटल्स रिवॉर्ड्स के साइन के पास एक महिला कर्मचारी मेहमान का स्वागत कर रही है।
वर्ल्डहोटल्स ने दुनिया भर के 4,000 से अधिक होटलों के लिए एकीकृत लॉयल्टी प्रोग्राम ‘वर्ल्डहोटल्स रिवॉर्ड्स’ शुरू करने की घोषणा की है। यह प्रोग्राम 5 जनवरी, 2027 से लागू होगा और इसके दायरे में 100 से अधिक देशों के 18 ब्रांड के होटल तथा दुनिया भर के 7 करोड़ रिवॉर्ड्स सदस्य आएंगे। नए कार्यक्रम में तीन सदस्यता स्तर, माइलस्टोन रिवॉर्ड्स और पहले से अधिक लचीली सुविधाएं दी जाएंगी।
नई दिल्ली, नवंबर 2026। वर्ल्डहोटल्स ने अपने नए एकीकृत लॉयल्टी कार्यक्रम वर्ल्डहोटल्स रिवॉर्ड्स की सुविधाओं का विवरण जारी किया है। वर्ल्डहोटल्स एंटरप्राइज ट्रांसफॉर्मेशन के तहत शुरू किए गए इस कार्यक्रम को बेस्ट वेस्टर्न रिवॉर्ड्स और पुराने वर्ल्डहोटल्स रिवॉर्ड्स कार्यक्रम को मिलाकर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को उनकी पसंद के अनुसार बेहतर लाभ, अधिक लचीलापन और विशेष पहचान प्रदान करना है। इसके साथ ही सदस्य स्थानीय संस्कृति और अनुभवों से भी जुड़ सकेंगे।
उपभोक्ता अनुसंधान और सदस्यों से मिले सुझावों के आधार पर तैयार किए गए इस कार्यक्रम में 100 से अधिक देशों में मौजूद 18 ब्रांड के 4,000 से अधिक होटल शामिल होंगे। इससे दुनिया भर के 7 करोड़ रिवॉर्ड्स सदस्यों को एक ही लॉयल्टी नेटवर्क के अंतर्गत सुविधाएं मिलेंगी।
वर्ल्डहोटल्स इंडिया और साउथ एशिया के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अतुल जैन ने कहा, “वर्ल्डहोटल्स रिवॉर्ड्स हमारे वैश्विक हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अपने लॉयल्टी प्रोग्राम के ज़रिए हम यात्रियों को ज़्यादा लाभ देने, अपने होटलों के साथ उनका जुड़ाव मजबूत करने और अपने सभी ब्रांड्स के होटलों में एक बेहतर व इंटीग्रेटेड अनुभव प्रदान करने की दिशा में काम कर रहे हैं।”
वर्ल्डहोटल्स के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर जोएल पार्क ने कहा, “हमारे रिवॉर्ड्स मेंबर्स ने अपने फीडबैक में बताया कि वे चाहते हैं कि लॉयल्टी प्रोग्राम सरल हो और उन्हें इसका सीधा व बेहतर लाभ मिले। हमने अपने इस नए प्रोग्राम को 3 नए सिद्धांतों- सरलता, प्रशंसा और मूल्य के इर्द गिर्द बनाया है। मेंबर्स को एक ऐसा प्रोग्राम मिलेगा, जिसका इस्तेमाल करना आसान होगा। इसमें उन्हें पहले स्टे से ही खास पहचान, एक्सक्लूसिव मेंबर रेट्स और आकर्षक रिवॉर्ड्स का लाभ मिलेगा। चाहे कोई साल में कुछ ही रातों के लिए यात्रा करे या हर हफ्ते सफर पर रहता हो, हमारा उद्देश्य है कि हर मेंबर को हर स्टे पर खास पहचान मिले और उसे अपने सफर के दौरान रिवॉर्ड्स का लाभ मिलता रहे।”
वर्ल्डहोटल्स रिवॉर्ड्स को तीन सदस्यता स्तरों ब्रॉन्ज, सिल्वर और गोल्ड में बांटा गया है। मौजूदा सदस्यों के अर्जित पॉइंट्स का मूल्य बरकरार रहेगा और उनका मौजूदा बैलेंस नए कार्यक्रम में स्वतः स्थानांतरित हो जाएगा। सभी सदस्यों के पॉइंट्स की कोई समाप्ति तिथि नहीं होगी और उनकी वैल्यू में भी कमी नहीं आएगी। सदस्य बिना किसी ब्लैकआउट डेट की पाबंदी के रिवॉर्ड नाइट्स बुक कर सकेंगे। इसके अलावा, भुगतान के लिए पॉइंट्स या पॉइंट्स और नकद के संयुक्त विकल्प का इस्तेमाल कर सकेंगे। दूसरे होटल लॉयल्टी कार्यक्रमों में एलीट स्टेटस रखने वाले सदस्यों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के स्टेटस मैच सुविधा के तहत अपना दर्जा वर्ल्डहोटल्स रिवॉर्ड्स में स्थानांतरित करने का विकल्प भी मिलेगा।
ब्रॉन्ज टियर उन सदस्यों के लिए होगा, जो एक वर्ष में अधिकतम चार क्वालिफाइंग रातों तक होटल में ठहरते हैं। इस स्तर पर पहली बार ठहरने से ही एक्सक्लूसिव मेंबर रेट्स और लचीले रिडेम्पशन विकल्प मिलेंगे। सदस्य प्रत्येक पात्र अमेरिकी डॉलर खर्च पर 10 पॉइंट्स अर्जित करेंगे। हालांकि, कुछ विशेष एक्सटेंडेड-स्टे प्रॉपर्टीज में प्रत्येक पात्र अमेरिकी डॉलर पर 5 पॉइंट्स दिए जाएंगे।
साल में पांच क्वालिफाइंग रातें पूरी करने वाले सदस्य सिल्वर टियर में पहुंच सकेंगे। इस स्तर पर बेस पॉइंट्स पर 15 प्रतिशत अतिरिक्त बोनस मिलेगा। इसके अलावा, प्रत्येक पात्र होटल स्टे पर 500 बोनस पॉइंट्स और निःशुल्क वेलकम सुविधाएं भी दी जाएंगी।
गोल्ड टियर के लिए एक वर्ष में 20 क्वालिफाइंग रातें पूरी करना जरूरी होगा। गोल्ड सदस्यों को सिल्वर टियर की सभी सुविधाओं के साथ बेस पॉइंट्स पर 30 प्रतिशत अतिरिक्त बोनस मिलेगा। होटल में उपलब्धता के आधार पर प्राथमिकता के साथ जल्दी चेक-इन और देर से चेक-आउट की सुविधा भी मिलेगी। इस स्तर पर रिवॉर्ड्स भुनाने के अतिरिक्त अवसर उपलब्ध होंगे। इनमें कुछ निःशुल्क रातों के लिए कम पॉइंट्स खर्च करने और लगातार पांच रातों के लिए पॉइंट्स रिडीम करने पर एक रात के बराबर पॉइंट्स वापस पाने की सुविधा शामिल है।
टियर के लाभों के अतिरिक्त सदस्य हर साल क्वालिफाइंग रातों की निर्धारित संख्या पूरी करने पर माइलस्टोन रिवॉर्ड्स भी अर्जित कर सकेंगे। पांच और 10 क्वालिफाइंग रातें पूरी करने पर उन्हें क्रमशः 1,000-1,000 बोनस पॉइंट्स मिलेंगे। 20 रातें पूरी करने पर 2,000 और 30 रातें पूरी करने पर 3,000 बोनस पॉइंट्स दिए जाएंगे। ऐप के माध्यम से संचालित विशेष प्रचार अभियानों में भाग लेकर भी सदस्य अतिरिक्त बोनस पॉइंट्स हासिल कर सकेंगे।
कार्यक्रम में लाइफटाइम गोल्ड स्टेटस की सुविधा भी रखी गई है। इसके तहत सदस्य अपनी पूरी सदस्यता अवधि के दौरान कुल 100 क्वालिफाइंग रातें पूरी करके आजीवन गोल्ड स्टेटस हासिल कर सकेंगे। इसके साथ उन्हें एक बार में 10,000 बोनस पॉइंट्स भी दिए जाएंगे। जो मौजूदा सदस्य पहले ही 100 क्वालिफाइंग रातें पूरी कर चुके हैं, उन्हें लाइफटाइम गोल्ड स्टेटस प्राप्त करने के लिए केवल एक और क्वालिफाइंग रात होटल में बितानी होगी।
मौजूदा रिवॉर्ड्स सदस्यों को 5 जनवरी, 2027 को अपने आप नए वर्ल्डहोटल्स रिवॉर्ड्स कार्यक्रम में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें किसी अतिरिक्त प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं होगी। पुराने बेस्ट वेस्टर्न रिवॉर्ड्स कार्यक्रम के सदस्यों का मौजूदा स्टेटस नए कार्यक्रम में निर्धारित श्रेणियों के अनुसार बदलेगा। ब्लू सदस्यों को ब्रॉन्ज, गोल्ड और प्लेटिनम सदस्यों को सिल्वर तथा डायमंड और डायमंड सिलेक्ट सदस्यों को गोल्ड स्टेटस मिलेगा।
मौजूदा डायमंड सदस्यों को पहले वर्ष के लिए गोल्ड स्टेटस दिया जाएगा और उनका 30 प्रतिशत पॉइंट्स बोनस भी जारी रहेगा। वहीं, डायमंड सिलेक्ट सदस्यों को दिसंबर 2027 तक 50 प्रतिशत पॉइंट्स बोनस मिलता रहेगा।
नए कार्यक्रम के लाभ केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेंगे। होटल मालिकों को भी इसके तहत रिवॉर्ड्स के बदले बुक किए गए स्टे पर बेहतर रीइंबर्समेंट यानी भुगतान की भरपाई की दरें मिलेंगी। इसके अलावा, छोटे और मध्यम आकार के कारोबारों के लिए वर्ल्डहोटल्स रिवॉर्ड्स बिजनेस एडवांटेज नाम से निःशुल्क लॉयल्टी और बचत कार्यक्रम पेश किया जाएगा। इसे व्यावसायिक यात्राओं के दौरान कंपनियों को बेहतर सुविधाएं और बचत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
मौजूदा सदस्य अपने वर्तमान ऐप का इस्तेमाल जारी रख सकेंगे। इस ऐप को नए लॉयल्टी कार्यक्रम के अनुभव और सुविधाओं के अनुरूप अपडेट किया जाएगा। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी, अवलोकन और उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें WorldHotels.com/RewardsOverview पर उपलब्ध होंगी। 5 जनवरी, 2027 से लागू होने वाला यह एकीकृत कार्यक्रम वर्ल्डहोटल्स के 4,000 से अधिक होटलों और 7 करोड़ सदस्यों को एक साझा लॉयल्टी व्यवस्था से जोड़ेगा।