फूड सेफ्टी नियमों की अनदेखी पड़ रही भारी: पुणे से लेकर बेंगलुरु और हैदराबाद तक डार्क स्टोर्स पर गिर रही एफडीए की गाज, जानें क्या होते हैं ये स्टोर|
| खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और एक्सपायर्ड सामान मिलने पर पुणे में कार्रवाई हुई, जबकि पहले अन्य शहरों में भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के बाद पुणे में डार्क स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं|
क्विक कॉमर्स कंपनियों के डार्क स्टोर्स में खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल के समय में भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) और विभिन्न राज्यों की एजेंसियों ने कई डार्क स्टोर्स के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। इसके बावजूद इन कंपनियों के कामकाज में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामला महाराष्ट्र के पुणे से जुड़ा है, जहां फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने ऐमजॉन और बिगबास्केट के डार्क स्टोर्स पर बड़ी कार्रवाई की है।
पुणे में ऐमजॉन और बिगबास्केट के डार्क स्टोर का लाइसेंस सस्पेंड
महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने पुणे के सिंहगढ़ रोड इलाके में स्थित ऐमजॉन और बिगबास्केट के दो डार्क स्टोर्स के फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। यह कदम खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने के बाद उठाया गया है। एफडीए ने शनिवार को यह कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान इन स्टोर्स में एक्सपायर हो चुकी मिठाइयां और फफूंद लगे खाद्य पदार्थ मिले। इसके अलावा खाने-पीने की चीजों को साबुन के साथ रखा गया था। इसी आधार पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत यह कार्रवाई की गई है।
आखिर क्या होते हैं डार्क स्टोर?
डार्क स्टोर ऐसे रिटेल स्टाइल वेयरहाउस या सप्लाई सेंटर होते हैं, जिन्हें खास तौर पर ऑनलाइन ऑर्डर को तेजी से पूरा करने के लिए तैयार किया जाता है। इनमें आम ग्राहकों का आना-जाना नहीं होता, इसी वजह से इन्हें डार्क स्टोर कहा जाता है। इन केंद्रों में केवल उन्हीं वस्तुओं को रखा जाता है, जिनकी मांग ज्यादा होती है, ताकि ग्राहकों तक ऑनलाइन ऑर्डर जल्दी पहुंचाए जा सकें।
डार्क स्टोर की शुरुआत 2000 के दशक में ब्रिटेन में फुलफिलमेंट हब के तौर पर हुई थी। उस समय ब्रिटिश सुपरमार्केट चेन सेन्सबरी ने लंदन में ऑनलाइन फुलफिलमेंट सेंटर खोला था, लेकिन मांग कम होने के कारण वह बंद हो गया। इसके बाद साल 2009 में ब्रिटेन की रिटेल कंपनी टेस्को ने बिना ग्राहकों वाले सुपरमार्केट शुरू किए, जिससे डार्क स्टोर शब्द अस्तित्व में आया। भारत में ब्लिंकिट, जेप्टो और स्विगी इंस्टामार्ट ने 10 से 15 मिनट में सामान पहुंचाने के लिए इस मॉडल को अपनाया।
पुणे के स्टोर्स में निरीक्षण के दौरान क्या-क्या मिला?
पुणे में ऐमजॉन के जिस डार्क स्टोर का लाइसेंस निलंबित किया गया है, उसका संचालन गजानन इन्वेंटरीज कर रही थी। एफडीए अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान वहां से एक्सपायर लड्डू, पेड़े और अन्य खाद्य सामग्री बरामद हुई। कई खाद्य उत्पादों पर फफूंद लगी थी और फूड कंटेनर में धूल भी पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि घी के एक डिब्बे का ढक्कन टूटा हुआ था और कार्टन से घी रिस रहा था।
दूसरी ओर, बिगबास्केट के डार्क स्टोर को इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट द्वारा संचालित किया जा रहा था। वहां से एक्सपायर केक, ब्रेड, मिल्क रस्क और चटनी मिली। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा से जुड़े दूसरे उल्लंघन भी सामने आए और कई खाद्य उत्पाद फर्श पर रखे हुए मिले। एफडीए ने स्पष्ट किया है कि जो भी संस्थान उपभोक्ताओं की सेहत से समझौता करेगा या खाद्य सुरक्षा नियमों को तोड़ेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी कई शहरों में हो चुकी है कार्रवाई
डार्क स्टोर्स के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एजेंसियों की यह पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद समेत कई शहरों में क्विक कॉमर्स कंपनियों के डार्क स्टोर्स पर कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन ऐसे मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सितंबर में बेंगलुरु में एफडीए ने ऐमजॉन और इंस्टामार्ट के डार्क स्टोर्स, वेयरहाउस तथा सप्लाई फैसिलिटीज से 3 करोड़ रुपये मूल्य के एक्सपायर्ड और गलत लेबल वाले खाद्य पदार्थ पकड़े थे।
इसी तरह अक्टूबर में तेलंगाना में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर स्विगी इंस्टामार्ट, फ्लिपकार्ट और जेप्टो के लाइसेंस सस्पेंड किए गए थे। राजस्थान में भी ब्लिंकिट की सुविधाओं से एक्सपायर डेयरी उत्पाद सामने आए थे। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा नियामक एफएसएसएआई ने भी देशभर में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर खाद्य सुरक्षा में खामियां पकड़ी हैं।