मुजफ्फरनगर में मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी आरोपी हर्ष त्यागी को गिरफ्तार किया गया।   

मुजफ्फरनगर में थार गाड़ी पर फायरिंग के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी हर्ष त्यागी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। छपार थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए हर्ष त्यागी के साथ उसके साथी उज्जवल शर्मा को भी दबोच लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हर्ष त्यागी के पैर में गोली लगी, जबकि उज्जवल शर्मा को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

मामले की जानकारी देते हुए सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना छपार में मुकदमा अपराध संख्या 227/26 दर्ज किया गया था।

इस मुकदमे में आरोप था कि 25 अक्टूबर 2026 को पानीपत-खटीमा हाईवे पर कुछ अज्ञात लोगों ने सद्दाम की थार गाड़ी पर फायरिंग की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी ने पुलिस की चार टीमों का गठन किया था। इसके साथ ही एसओजी को भी जांच और कार्रवाई में लगाया गया था।

सीओ सदर के अनुसार, देर रात पुलिस टीम को एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी के आने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही छपार थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने रामपुर तिराहे से संदिग्ध स्कॉर्पियो का पीछा करना शुरू किया।

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध स्कॉर्पियो खटीमा मार्ग से उतरकर राई गांव की तरफ जा रही थी। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद गाड़ी से उतरे दोनों संदिग्धों को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी हर्ष त्यागी के पैर में गोली लग गई। वहीं, उसका साथी उज्जवल शर्मा मौके से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने कांबिंग अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में घायल हर्ष त्यागी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

सीओ सदर ने बताया कि गिरफ्तार हर्ष त्यागी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक देसी तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

इसके अलावा, वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। थार गाड़ी पर फायरिंग के मामले में वांछित दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी के साथ पुलिस ने कार्रवाई की जानकारी दी है।

Tags: