खुर्जा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अस्वच्छ गोदाम से मिले 5 कुंतल रसगुल्लों को नष्ट कराया।   

खुर्जा में मिठाइयों की गुणवत्ता और स्वच्छता से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जंक्शन मार्ग स्थित कलंदरगढ़ी क्षेत्र में चौधरी स्वीट्स भंडार से जुड़े एक गोदाम पर छापेमारी कर करीब 5 कुंतल सफेद रसगुल्लों को नष्ट कराया। गोदाम में अस्वच्छ परिस्थितियों के बीच मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। इस कार्रवाई से क्षेत्र के मिठाई कारोबारियों में खलबली मच गई।

सहायक अपर खाद्य आयुक्त ममता चौधरी के नेतृत्व में पहुंची टीम को गोदाम में छेना और रसगुल्ले तैयार करने की प्रक्रिया में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। अधिकारियों के मुताबिक, मिठाइयों के निर्माण में अरारोट, सफोलाइट और रीठे सहित अन्य सामग्रियों के इस्तेमाल की बात सामने आई।

जांच के दौरान तैयार रसगुल्ले और छेना मक्खियों से घिरे मिले। खाद्य सामग्री को निर्धारित फूड ग्रेड बर्तनों में रखने के बजाय अस्वच्छ तरीके से रखा गया था। गोदाम में मिठाइयों के निर्माण और रखरखाव की स्थिति को देखते हुए विभाग ने मौके पर कार्रवाई की।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने करीब 5 कुंतल सफेद रसगुल्लों को नष्ट कराया। इसके साथ ही छेना, रसगुल्ले, सफोलाइट और रीठे समेत कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। इन नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच की जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, प्रतिष्ठान में बिना लाइसेंस मिठाइयों का निर्माण किए जाने का मामला भी सामने आया है। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और उसे ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस दौरान सहायक अपर खाद्य आयुक्त ममता चौधरी ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और स्वच्छता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

खुर्जा में हुई इस कार्रवाई के तहत अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार मिठाइयों को नष्ट कराने के साथ ही खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, बिना लाइसेंस मिठाई निर्माण के मामले में संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Tags: