बिहार के भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हथियारबंद बदमाशों की अंधाधुंध फायरिंग से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार देर रात हुई इस वारदात के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर टायर जलाए और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

वारदात आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव की है। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज निवासी 18 वर्षीय राहुल कुमार और 22 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, गोली लगने से घायल युवक की पहचान दौलतपुर निवासी 18 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त अपने मामा की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए बीबीगंज चकिया गांव पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद हथियारबंद बदमाशों ने तीनों युवकों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से राहुल कुमार और दीपक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू कुमार घायल हो गया। अचानक हुई गोलीबारी से समारोह में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को वारदात के पीछे पूर्व का विवाद या पुरानी रंजिश होने की आशंका है। हालांकि, गोलीबारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से तीन खोखा और एक पिलेट बरामद किया गया है।

मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी कर रही है। घायल युवक का आरा सदर अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

दो युवकों की हत्या के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। दौलतपुर के पास आरा-बड़हरा मुख्य मार्ग पर लोगों ने दोनों मृतकों के शवों के साथ सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी दोषियों की गिरफ्तारी और उनका एनकाउंटर करने की मांग कर रहे थे। इस दौरान लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी भी की, जिससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।

फिलहाल पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। शादी समारोह में हुई इस दोहरी हत्या के मामले में गोलीबारी की वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की जांच जारी है।