विश्वकर्मा कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं पर फूटा गुस्सा, महिलाओं ने मटकी फोड़ किया प्रदर्शन, निकाय चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
भीलवाड़ा की विश्वकर्मा कॉलोनी में पेयजल और मूलभूत सुविधाओं की कमी से नाराज महिलाओं ने मटकी फोड़कर प्रदर्शन किया और निकाय चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी।
तस्वीर में सिंदरी का बालाजी, सांगानेर रोड पर आयोजित संयुक्त बैठक में भाग लेते हुए माली समाज के लोग नजर आ रहे हैं।
भीलवाड़ा शहर की विश्वकर्मा कॉलोनी में पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की गंभीर कमी को लेकर स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। पिछले पांच वर्षों से पीने के पानी, टूटी सड़कों, खराब स्ट्रीट लाइटों और नालियों की अव्यवस्था से परेशान महिलाओं ने मटकी फोड़कर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि कॉलोनी में न तो नलों में पानी उपलब्ध हो रहा है और न ही सड़कों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है। इसके अलावा गंदे पानी की नालियां टूटी होने के कारण आए दिन पड़ोसियों के बीच आपसी विवाद और झगड़े की स्थिति बनती रहती है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा, “हमारे यहाँ ना पीने का पानी है, ना रोड लाइट और ना ही नालियों की सफाई। 5 साल से हम टैंकरों और पानी की किल्लत से परेशान हैं। हमारी मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द समाधान करे।”
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी भी की। आक्रोशित लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पूरी विश्वकर्मा कॉलोनी के लोग आगामी निकाय चुनाव में मतदान का पूर्ण बहिष्कार करेंगे और किसी भी जनप्रतिनिधि को वोट नहीं देंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और अब वे समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।