भीलवाड़ा में पुलकसागरजी महाराज के चातुर्मासिक मंगल कलश विराजित, 15 अगस्त से चित्रकूटधाम में ज्ञान गंगा महोत्सव

भीलवाड़ा में राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज ससंघ के चातुर्मासिक मंगल कलश विधिवत विराजित किए गए। 15 से 30 अगस्त तक चित्रकूटधाम में सर्व समाज के लिए ज्ञान गंगा महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की तैयारी है।

Update: 2026-08-04 06:04 GMT

तस्वीर में संत पुलकसागरजी महाराज मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच धार्मिक अनुष्ठान के दौरान नजर आ रहे हैं।

भीलवाड़ा, 3 अगस्त। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मैन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से भीलवाड़ा में पहली बार चातुर्मास कर रहे राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज ससंघ के चातुर्मासिक मंगल कलशों की पूजा मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई। इसके बाद सूर्यमहल परिसर में निर्मित मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मंगल कलश विराजित किए गए। अगले चार माह तक ये कलश यहीं विराजमान रहेंगे, जहां इनकी नियमित पूजा होगी और आचार्यश्री की ओर से ज्ञानगंगा प्रवाहित की जाएगी।



 गुरुदेव पुलकसागरजी महाराज के सानिध्य में मुख्य मंगल कलश पुण्यार्जक तिलोकचंद छाबड़ा एवं सुरेन्द्र सुराणा परिवार ने विराजित किया। चातुर्मास के पुण्यार्जक के रूप में दिलीप, प्रवीण एवं नवीन चौधरी परिवार, नंदलाल एवं सुरेश कोठारी परिवार, सुशील, सुनील एवं लोकेन्द्र जैन परिवार, गुलाबचंद एवं मनीष शाह परिवार तथा निहालचंद एवं लोकेश अजमेरा परिवार ने भी मंगल कलश विराजमान किए। इनके साथ 100 श्रावक परिवारों को भी चातुर्मास कलश स्थापना का सौभाग्य प्राप्त हुआ। चातुर्मास पूर्ण होने के बाद ये मंगल कलश संबंधित पुण्यार्जक परिवारों के घर पहुंचाए जाएंगे, जहां उनकी नित्य पूजा की जाएगी।

चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि मंगल कलश विराजमान करने के दौरान भगवान एवं गुरुदेव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। उन्होंने कहा कि मंगल कलश विराजित होने के साथ ही चातुर्मास के धार्मिक आयोजन विधिवत प्रारंभ हो गए हैं। पूज्य पुलकसागर महाराज प्रतिदिन सूर्यमहल में सुबह 8.30 बजे से 10 बजे तक श्रद्धालुओं को विभिन्न विषयों पर धर्म संदेश प्रदान करेंगे।



 चातुर्मास समिति के संयोजक मनीष शाह एवं सह संयोजक लोकेश अजमेरा ने बताया कि चातुर्मास का प्रमुख आकर्षण सर्व समाज के लिए आयोजित होने वाला ज्ञान गंगा महोत्सव रहेगा, जो 15 से 30 अगस्त तक चित्रकूटधाम में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आचार्यश्री के मुखारबिंद से प्रवचन सुनने पहुंचेंगे। महोत्सव के अंतर्गत 15 अगस्त को स्वाधीनता दिवस, 19 अगस्त को मोक्ष सप्तमी तथा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष आयोजन किए जाएंगे।

Tags:    

Similar News